मुख्यपृष्ठअपराधबीमार महिला कार्यकर्ता को संभालने के वायरल वीडियो ने ले ली भाजपा...

बीमार महिला कार्यकर्ता को संभालने के वायरल वीडियो ने ले ली भाजपा जिलाध्यक्ष की कुर्सी!

-कार्रवाई एकपक्षीय हुई…वायरल करने वाले को भी सजा मिले-नवर्तमान अध्यक्ष

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

गोंडा जिला भाजपा अध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को बीमार महिला कार्यकर्ता को संभालने की कीमत कुर्सी गवां कर देनी पड़ी। उसके वायरल वीडियो मामले में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रांतीय नेतृत्व ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। 25 मई को सोशल मीडिया पर भाजपा कार्यालय का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वह एक महिला कार्यकर्ता के साथ नजर आए थे। कार्रवाई के बाद निष्कासित किए गए भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप खुद कैमरे के सामने आए। कहा कि हमने पहले ही कहा था कि पार्टी का जो भी निर्णय होगा वह हमें मान्य होगा, लेकिन पार्टी ने एकपक्षीय कार्रवाई की है। पार्टी को इसकी जांच करानी चाहिए। फुटेज जारी करने वालों पर कार्रवाई करना चाहिए। उन्होंने कुछ नेताओं का नाम लेते हुए सीसीटीवी फुटेज वायरल करने का आरोप लगाते हुए इन लोगों को भी निष्कासित करने की मांग की है।
यह वीडियो 12 अप्रैल की रात का था। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप ने सामने आकर कहा था कि वायरल वीडियो उनका है। वह पार्टी की एक महिला कार्यकर्ता को चक्कर आने पर सहारा दे रहे थे। महिला ने भी सामने आकर खुलकर अपनी बात कही थी। उसने जिलाध्यक्ष को अपना भाई बताते हुए गलत तरीके से वीडियो वायरल करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले की जांच मनकापुर पुलिस कर रही है। इन सबके बीच पार्टी नेतृत्व ने भी जिलाध्यक्ष से जवाब मांगा था। इस पर 28 मई को जिलाध्यक्ष ने अपना जवाब दिया था। बीते सात मई को भाजपा जिला प्रभारी विजय बहादुर पाठक दौरे पर आए थे। उस वक्त पार्टी पदाधिकारियों ने खुलकर नाराजगी जाहिर की थी। यही नहीं, कुछ लोगों ने तो बैठक का भी बहिष्कार किया था। इसके बाद जिला प्रभारी ने पूरी रिपोर्ट प्रांतीय नेतृत्व को सौंपी थी। बुधवार की सुबह भाजपा के प्रदेश महामंत्री व मुख्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला ने जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को पार्टी से निष्काषित कर दिया है।

अन्य समाचार