मुख्यपृष्ठसमाचारविश्व को युद्ध नहीं, शांति चाहिए — कांग्रेस

विश्व को युद्ध नहीं, शांति चाहिए — कांग्रेस

अनिल मिश्र

पटना: इजराइल, ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे संघर्ष को तत्काल बंद करने तथा केंद्र सरकार से अपनी विदेश नीति स्पष्ट करने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आवाज उठाई है।

इस संबंध में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि सह प्रवक्ता विजय कुमार मिठ्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह, राम प्रमोद सिंह, दामोदर गोस्वामी, टिंकू गिरी, विपिन बिहारी सिन्हा, राजीव कुमार सिंह उर्फ लबी सिंह और शिव कुमार चौरसिया सहित अन्य नेताओं ने कहा कि अमेरिका और इजराइल पूरी दुनिया के देशों को अपने इशारों पर चलाना चाहते हैं।

नेताओं का आरोप है कि ये देश अन्य देशों में हस्तक्षेप करते हैं, खुद परमाणु हथियार रखते हैं और दूसरों पर प्रतिबंध लगाकर उनके संसाधनों, ऊर्जा स्रोतों और पेट्रोलियम पदार्थों पर अपना नियंत्रण स्थापित करने की कोशिश करते हैं। उनका कहना है कि ईरान में भी इसी तरह दबाव बनाकर वहां के संसाधनों पर कब्जा करने के उद्देश्य से युद्ध की स्थिति पैदा की गई है।

उन्होंने कहा कि इस संघर्ष के कारण पूरी दुनिया में अस्थिरता बढ़ रही है और भारत में भी इसका असर महंगाई के रूप में देखा जा रहा है। रसोई गैस के दाम बढ़ने और लंबी कतारों की समस्या का जिक्र करते हुए उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों पर इसे नियंत्रित करने में विफल रहने का आरोप लगाया।

नेताओं ने कहा कि ईरान भारत का पुराना मित्र रहा है, लेकिन वर्तमान में केंद्र सरकार की नीति स्पष्ट नहीं दिख रही है। अंत में उन्होंने एक स्वर में कहा कि दुनिया को युद्ध नहीं, शांति चाहिए और यह संघर्ष तत्काल समाप्त होना चाहिए। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार से अपनी विदेश नीति स्पष्ट करने की मांग दोहराई।

अन्य समाचार