राजेश सरकार / प्रयागराज
कमिश्नरेट प्रयागराज की नैनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बंद पड़ी टीएसएल कंपनी परिसर से रेलवे लाइन की पटरी चोरी कर ले जा रहे चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में कटी हुई रेलवे पटरी, एक डीसीएम, एक कार तथा घटना में प्रयुक्त दो ऑक्सीजन गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि कई वर्षों से बंद पड़ी टीएसएल कंपनी में गैस कटर से रेलवे लाइन की पटरियां काटकर डीसीएम वाहन पर लादकर ले जाई जा रही हैं। सूचना के आधार पर नैनी पुलिस ने प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर टीएसएल कंपनी के बाहर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान रेलवे पटरी से लदी डीसीएम और उसके साथ चल रही एक हुंडई कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान डीसीएम में लदी रेलवे लाइन की कटी हुई पटरियां बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से राकेश पटेल, शर्मा राजपूत, किशन निषाद और सोनू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो ऑक्सीजन गैस सिलेंडर भी बरामद किए गए। पूछताछ में डीसीएम चालक शर्मा राजपूत ने बताया कि उसे किराये पर बुलाया गया था और बताया गया था कि टीएसएल कंपनी परिसर से रेलवे की पटरी ले जानी है। सभी लोग कंपनी के पीछे स्थित रेलवे लाइन तक पहुंचे, जहां पहले से काटी गई पटरियों को डीसीएम में लोड किया गया। इसके बाद वे माल लेकर प्रयागराज शहर की ओर जा रहे थे, तभी पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपियों ने पूछताछ में यह भी बताया कि उनका एक साथी लवकुश रेलवे पटरी कटवाने और कटर समेत अन्य उपकरण उपलब्ध कराने में शामिल था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 फीट 10 इंच लंबाई के 20 टुकड़े, 6 फीट 4 इंच लंबाई के 19 टुकड़े तथा 5 फीट 2 इंच लंबाई के 21 टुकड़े रेलवे पटरी के बरामद किए हैं। साथ ही डीसीएम वाहन संख्या यूपी-33 एटी-6521, हुंडई वरना कार संख्या यूपी-70 एपी-7775 तथा दो ऑक्सीजन गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इस मामले में थाना नैनी में मुकदमा संख्या 278/2026, धारा 303(2) एवं 317(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। नैनी थाना के प्रभारी निरीक्षक बृजकिशोर गौतम के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मनोज सिंह, कांस्टेबल राहुल राठौर और कांस्टेबल राकेश की टीम ने इस सफलता को हासिल किया।
