राजेश सरकार
प्रयागराज। नैनी के एफसीआई रोड स्थित मकान में हुई लाखों के जेवरात और नकदी चोरी की वारदात का आखिरकार पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। नैनी पुलिस, जनपदीय एसओजी, सर्विलांस और आईसीसीसी टीम की संयुक्त कार्रवाई में तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का बड़ा हिस्सा बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टार्जन, करन गुप्ता और करन वंशकार के रूप में हुई है। तीनों को मुखबिर की सूचना पर इंदलपुर पार्किंग क्षेत्र से दबोचा गया।
गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, मंगलसूत्र, पायल, अंगूठी, कमरबंद, बिछिया समेत कुल 1070 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने एक हजार रुपये का सफेद धातु का नोट भी बरामद किया है।
28 मार्च की रात हुई थी बड़ी चोरी
पुलिस के अनुसार 28 मार्च 2026 को एफसीआई रोड, वृंदावन गेस्ट हाउस के सामने रहने वाले अखिलेश कुमार के घर में नकबजनी हुई थी। चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और सोने-चांदी के कीमती जेवरात समेत नकदी लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद थाना नैनी में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
‘रेकी’ कर चुनते थे बंद मकान
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि वे गिरोह बनाकर ऐसे मकानों की रेकी करते थे, जहां लोग मौजूद नहीं रहते थे। मौका मिलते ही ताला तोड़कर घर में घुसते और जेवरात व नकदी पार कर देते थे। बाद में चोरी का सामान राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेचकर मौज-मस्ती और खर्च चलाते थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी का सामान बेचने जा रहे थे, तभी टीम ने उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।
पहले भी दर्ज है मुकदमा
मुख्य आरोपी टार्जन पर पहले से मारपीट और धमकी का मामला थाना नैनी में दर्ज बताया गया है। पूरे ऑपरेशन में नैनी पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और आईसीसीसी टीम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
