मुख्यपृष्ठनए समाचारयह विशेष अधिकारी सिर्फ मेरे कार्यकर्ताओं का काम करेगा!.. शिंदे गुट के...

यह विशेष अधिकारी सिर्फ मेरे कार्यकर्ताओं का काम करेगा!.. शिंदे गुट के मंत्री का कारनामा…पैसा जनता का, काम पार्टी का

रामदिनेश यादव / मुंबई

राज्य की महायुति सरकार में शामिल तीनों दल मंत्रालय में भी राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं। मंत्रालय में सभी जनता को समान रूप से देखा जाता है, लेकिन वहां भी अब पक्षपात शुरू हो गया है। शिंदे गुट ने अपने पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए विशेष रूप से एक अधिकारी नियुक्त किया है। खास बात यह है कि यह ओएसडी सिर्फ शिंदे गुट के कार्यकर्ताओं का ही काम करेगा। मगर इस ओएसडी का खर्च सरकार की तरफ से वहन किया जाएगा और उसे मंत्रालय में सरकारी खर्च पर केबिन दिया जाएगा।
इस बारे में संपर्क तथा पर्यटन मंत्री शंभुराज देसाई ने बताया कि कार्यकर्ताओं के कार्यों को सुलझाने के लिए मंत्रालय में विशेष ‘ओएसडी (ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी) की नियुक्ति की गई है। कार्यकर्ता इस माध्यम से अपने काम करवाएं और संगठन को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि पार्टी और राज्य सरकार के बीच समन्वय का काम मैं संपर्क मंत्री के रूप में करूंगा। कार्यकर्ता अपनी समस्याएं जिला प्रमुखों को दें। वे समस्याओं की सूची मुझे भेजेंगे और उन्हें इस ओएसडी के माध्यम से हल कराना मेरी जिम्मेदारी होगी। मंत्री देसाई ने कहा कि मैं जिले के कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर ध्यान दूंगा। कार्यकर्ताओं को पूरे जोश से संगठन विस्तार का काम करना चाहिए।
तीनों पार्टनर में तनातनी
महायुति सरकार में भाजपा, शिंदे गुट, अजीत पवार गुट के बीच तनातनी का माहौल है। आगामी चुनाव को देखते हुए तीनों दल कार्यकर्ताओं को अपनी ओर आकर्षित करने में जुटे हैं। ऐसे में वे नैतिक मूल्यों को भी दरकिनार कर नियम- कानून को ताक पर रख कर अपने कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ाने में जुटे हैं। मंत्रालय में भी अब शिंदे गुट के लोगों का काम जल्दी हो इसके लिए यह विशेष ओएसडी नियुक्त किया गया है।

अन्य समाचार