मुख्यपृष्ठनए समाचारझुंझुनू पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी

झुंझुनू पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी

पाकिस्तानी आईएसआई के नाम से ई-मेल आया

झुंझुनू। राजस्थान में झुंझुनू समेत कई जिलों में पासपोर्ट कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। कार्यालयों को दोपहर साढ़े 12 बजे एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें दावा किया गया कि पासपोर्ट कार्यालय को ‘साइनाइड से भरे आईईडी’ के जरिए ब्लास्ट कर उड़ा दिया जाएगा। ई-मेल अंग्रेजी भाषा में लिखा गया था और इसमें कथित तौर पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई का जिक्र किया गया है।

मेल मिलते ही पासपोर्ट कार्यालय के अधिकारियों ने तुरंत एसपी ऑफिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरी बिल्डिंग खाली कराई और चप्पे-चप्पे की जांच की। सीओ सिटी गोपाल ढाका और कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार भारी जाब्ते के साथ रेलवे स्टेशन स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र पहुंचे। मेटल डिटेक्टर और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से पूरे कार्यालय, फर्नीचर, फाइलों और आसपास के परिसर की गहनता से जांच की गई।

कुछ देर के लिए केंद्र में कार्य बंद रहा और वहां मौजूद लोग दहशत में नजर आए। सर्च ऑपरेशन के बाद मौके पर किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। झुंझुनू पुलिस की साइबर सेल ने ई-मेल के ‘आईपी एड्रेस’ को ट्रैक करना शुरू कर दिया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मेल सरहद पार से आया है या किसी शरारती तत्व ने सुरक्षा एजेंसियों को परेशान करने के लिए यह साजिश रची है।

डीएसपी गोपाल ढाका ने बताया, “हमें पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना मिली थी। एहतियात के तौर पर पूरी टीम के साथ सर्च ऑपरेशन चलाया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। मेल के स्रोत की जांच की जा रही है।”

अन्य समाचार