मुख्यपृष्ठसमाचारमानसून की पहली तेज बारिश में तीन की मौत, कई घायल

मानसून की पहली तेज बारिश में तीन की मौत, कई घायल

-मौसम विभाग ने दी भारी बारिश की चेतावनी

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई और आसपास के इलाकों में मानसून की पहली तेज बारिश जानलेवा साबित हुई। बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
चेंबूर में विहान तो वाल्केश्वर में संतोष की गई जान…
चेंबूर में एक बड़ा पीपल का पेड़ स्कूल बस पर गिरने से ११ वर्षीय विहान श्रीवास्तव की मौत हो गई और चार बच्चे घायल हो गए। दक्षिण मुंबई के वाल्केश्वर में एक पुरानी इमारत की बालकनी गिरने से ५१ वर्षीय संतोष भास्कर की जान चली गई।
नेरुल में बिजली का झटका…
इसी तरह, नवी मुंबई के कामोठे में एक इमारत की छत का स्लैब गिरने से ४५ वर्षीय सूरज लोखंडे की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी घायल हो गई। वहीं दूसरी ओर नेरुल में जलभराव के दौरान बिजली का झटका लगने से दो छात्राएं घायल हुईं। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और जर्जर इमारतों व बड़े पेड़ों के पास जाने से बचने की अपील की है।

अन्य समाचार