उत्तर प्रदेश के वाल्टरगंज के बाद अब रुधौली के मुड़ाडीहा में फिर से एक युवती बुर्का पहनकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को देखने हजारों की भीड़ जुट गई थी। युवती को टावर पर देख इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर हजारों तमाशबीनों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे रुधौली-बांसी मार्ग पर घंटों आवागमन बाधित रहा।
हैरान करने वाली बात यह है कि इस युवती ने चार दिन पहले भी वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पड़िया चौराहे पर इसी तरह टावर पर चढ़कर शोले स्टाइल में ड्रामा किया था। पुलिस की मानें तो मामला प्रेम-प्रसंग और पारिवारिक दबाव से जुड़ा है। लेकिन बड़ा सवाल यह उठता है कि जब दो दिन पहले वाल्टरगंज पुलिस ने इसे नीचे उतारा था, तब इसके खिलाफ सख्त कानूनी कदम या उचित काउंसलिंग क्यों नहीं की गई? प्रशासन की इसी ढिलाई का नतीजा रहा कि युवती ने दोबारा इतनी बड़ी दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दे डाला। रुधौली थाना क्षेत्र में हनुमानगंज निवासी नादिया खातून ने प्रेमी मेहताब से शादी की मांग को लेकर दोबारा मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि चार दिन पहले भी नादिया टावर पर चढ़ गई थी, जहां घंटों चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद डीएसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने शादी कराने का भरोसा देकर मामला शांत कराया था।
वादा पूरा नहीं होने से थी नाराज
नादिया का आरोप है कि पुलिस की ओर से किया गया वादा पूरा नहीं हुआ। इसी बात से नाराज होकर रविवार को वह फिर से टावर पर चढ़ गई और प्रेमी मेहताब से शादी कराने की मांग पर अड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घंटों तक चले समझाने-बुझाने के प्रयासों के बीच आसपास भारी भीड़ जमा हो गई और लोग पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाते नजर आए।
