मुख्यपृष्ठनए समाचारदर्दनाक रेल हादसा :  यात्री ट्रेन से कटकर पांच पैसेंजर की मौत

दर्दनाक रेल हादसा :  यात्री ट्रेन से कटकर पांच पैसेंजर की मौत

राजेश सरकार / प्रयागराज

यमुनानगर के करछना तहसील के पचदेवरा हाल्ट में बुधवार शाम करीब 7:30 बजे ट्रेन से कटकर 5 लोगों की मौत हो गई। इनमें सिर्फ दो की शिनाख्त हो सकी है। बाकी के लिए प्रयास जारी है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली-हावड़ा रेल लाइन पर पचदेवरा हाल्ट है। यहां एक व्यक्ति चलती कालका एक्सप्रेस ट्रेन से गिर गया। पहियों के नीचे आने से वह कट गया और उनकी जान चली गई। इस हादसे के बाद यात्रियों ने चेन पुलिंग कर कालका एक्सप्रेस को रोक दिया। ट्रेन में बैठे कुछ यात्री नीचे उतर आए। तभी दूसरी दिशा से पुरुषोत्तम एक्सप्रेस आ गई। जिसकी चपेट में आने से 4 और लोग कट गए। कुल 5 लोगों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भीषण था कि यात्रियों के शरीर टुकड़ों में कट गए थे। दूर दूर तक रेलवे लाइन पर खून ही खून था। पुलिसकर्मियों ने टुकड़ों को बटोरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। जानकारी के अनुसार फिरोजाबाद के थाना खैरगढ़ क्षेत्र के गांव पृथ्वीपुर निवासी आकाश (19 साल) बुधवार को कालका एक्सप्रेस से कोलकाता जा रहा था। उसकी रिश्तेदारी में शादी थी। आकाश के साथ कोलकाता के रहने वाले अजय पुत्र मुन्ना पासी सहित अन्य लोग भी यात्रा कर रहे थे। पचदेवरा के पास चलती ट्रेन से एक सुनील नाम का व्यक्ति गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। वह मिर्जापुर में कोतवाली देहात क्षेत्र का रहने वाला था। यात्रियों ने देखा तो चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक ली। ट्रेन रुकने पर कई यात्री नीचे उतर गए। इसी दौरान करीब शाम 7:30 बजे मिर्जापुर की ओर से पुरुषोत्तम एक्सप्रेस आ गई। रेलवे लाइन पर खड़े लोगों को भागने का मौका तक नहीं मिला। ट्रेन की चपेट में आने से आकाश समेत 4 लोगों की मौत हो गई। तीन मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। सूचना मिलते ही करछना थाने की पुलिस, एसीपी सुनील कुमार सिंह, जीआरपी और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। जीआरपी के एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया आज एक दर्दनाक हादसा हुआ है। सबसे पहले कालका एक्सप्रेस से एक व्यक्ति कट गया। जिसके कारण ट्रेन को वहीं रोकना पड़ा। ट्रेन रुकने के बाद, कुछ यात्री शायद उत्सुकतावश ट्रेन से नीचे उतरकर पटरियों पर आ गए थे। उसी समय पुरुषोत्तम एक्सप्रेस काफी तेज गति से आई, जिसकी चपेट में आने से 4 और लोगों की मौत हो गई।

अन्य समाचार