सामना संवाददाता / नई दिल्ली
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की राजनीति में तल्ख बयानबाजी कोई नई बात नहीं, लेकिन हाल के दिनों में उनके कई बयान और कूटनीतिक प्रसंग फिर विवादों के केंद्र में आ गए हैं। फ्लोरिडा की एक सभा में ट्रंप ने डेमोक्रेटिक सांसद इल्हान उमर पर निजी और अपमानजनक टिप्पणी करते हुए पुराने, अपुष्ट आरोप दोहराए कि उन्होंने अपने भाई से शादी की है। यह दावा अमेरिकी दक्षिणपंथी हलकों में वर्षों से घूमता रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि कभी नहीं हुई। इसके बावजूद ट्रंप ने मंच से इसका मजाक उड़ाया और सोमालिया को लेकर भी कटु टिप्पणियां कीं। राजनीतिक आलोचना और निजी अपमान के बीच की रेखा यहां साफ तौर पर धुंधली होती दिखी।
यह अकेला प्रसंग नहीं है। ट्रंप की शैली अक्सर विरोधियों को नीचा दिखाने, उपहास करने और विवादास्पद वाक्यों से सुर्खियां बटोरने वाली रही है। ईरान संकट में भी उन्होंने अमेरिकी नौसैनिक कार्रवाई का वर्णन करते हुए कहा कि ‘हम कुछ हद तक समुद्री लुटेरों जैसे हैं।’ ईरान ने इसे अंतर्राष्ट्रीय समुद्री कानून के खिलाफ अमेरिकी आचरण की स्वीकारोक्ति बताया। यानी एक तरफ अमेरिका खुद को नियम-आधारित विश्व व्यवस्था का संरक्षक बताता है, दूसरी ओर उसका राष्ट्रपति समुद्री कार्रवाई को लुटेरों की भाषा में पेश करता है। दक्षिण एशिया में भी ट्रंप प्रशासन को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा। उनके दक्षिण और मध्य एशिया के विशेष दूत सर्जियो गोर का नेपाल दौरा प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह यानी बालेन से मुलाकात के बिना ही खत्म हो गया। अमेरिकी पक्ष ने बैठक का अनुरोध किया था, लेकिन नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंजूरी नहीं दी। बताया गया कि बालेन शाह घरेलू प्राथमिकताओं और शासन से जुड़े मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं, साथ ही उन्होंने विदेश मंत्रियों से नीचे के विदेशी अधिकारियों से न मिलने की नीति अपनाई है।
ट्रंप की कूटनीति या सियासी तमाशा?
यह घटनाक्रम बताता है कि ट्रंप की आक्रामक शैली हर जगह असरदार नहीं है। कभी वे विरोधियों पर निजी तंज कसते हैं, कभी ईरान को धमकाते हैं, कभी शांति-पुरस्कार का दावा करते हैं और कभी उनके दूतों को क्षेत्रीय नेताओं से मिलने का समय तक नहीं मिलता। यह कूटनीति कम, तमाशा अधिक लगती है, जहां बयान युद्ध जैसे हैं, दावे शांति जैसे और नतीजे अक्सर उलझन बढ़ाने वाले।
डेमोक्रेटिक सांसद इल्हान उमर पर निजी और अपमानजनक टिप्पणी करते हुए ट्रंप ने कहा, `मेरा मानना है कि उसने अपने भाई से शादी की है, जो पूरी तरह से गैरकानूनी है। हालांकि, वे एक प्यारा जोड़ा है, लेकिन यह थोड़ा गैरकानूनी लगता है।’
-डोनाल्ड ट्रंप, राष्ट्रपति, अमेरिका
