रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई
दो सवा दो करोड़ रुपए की लागत से बनाया जा रहा सातीवली का तुंगारेश्वर मंदिर मार्ग अब अपने पूर्णता की ओर बढ़ रहा है। जहां तक उम्मीद है कि यह मार्ग जून के पहले सप्ताह तक मुंबई में बरसात आने से पहले शिव भक्तों के लिए उपलब्ध हो जाएगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, चकाचक महादेव मंदिर के पहले नाले से लेकर तुंगारेश्वर मंदिर तक बनने वाले इस सड़क के लिए कुल तीन कंस्ट्रक्शन कंपनियों द्वारा निर्माण किया जा रहा है। तुंगारेश्वर मंदिर से लेकर नीचे की ओर ईश्वर नाला होते हुए एक किलोमीटर तक का काम वाणगांव दहाणू के रहने वाले श्रेयश पाटील की कंपनी को सौंपा गया है। उसके बाद का काम कृतिका कंस्ट्रक्शन के ठेकेदार प्रीतम राउत तथा सोमनाथ सोनकर की कंपनी कर रही है। ईश्वर नाले के पास पत्थर की तुड़ाई का काम श्रेयस पाटील की कंपनी द्वारा किया जा रहा है। वह काम पूरा होते ही के वहां पाईप डालने का काम शुरू हो जाएगा। उसके बाद वहां रोड का काम खत्म हो जाएगा। श्रेयस पाटील के साइट संभालने वाले पाटील ने बताया कि अगले हफ्ते यानि मानसून से पहले 4-5 जून तक हमारी कंपनी का काम पूरा हो जाएगा। इसी तरह का दावा कृतिका कंस्ट्रक्शन के सोमनाथ सोनकर कर रहे हैं, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सोमनाथ व श्रेयस पाटील दोनों के काम की तुलना में जमीन-आसमान का फर्क है। इस मामले में जब पीडब्लूडी के डिप्टी इंजिनियर राजेश यादव से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि लोगों की शिकायत के बाद सोमनाथ को वार्निंग दिया गया है। काम समय पर तथा उचित ढंग से अगर नहीं पूरा हुआ तो उचित कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि तुंगारेश्वर मंदिर सड़क का निर्माण डीपीडीसी यानि जिला नियोजन विकास कमेटी फंड के माध्यम से किया जा रहा है।
