राजेश सरकार / प्रयागराज
जिले में नशे के बड़े नेटवर्क की आशंका को बल देते हुए नवाबगंज पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने 550 ग्राम हेरोइन (अनुमानित कीमत 1.10 करोड़ रुपये) के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई मन्सूरा बाईपास के पास चेकिंग के दौरान हुई, जहां पुलिस ने एक कार से यह खेप बरामद की। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अनिश कुमार उर्फ आशीष सोनकर और सौरभ सोनकर निवासी माण्डा खास के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों संगठित तरीके से नशीले पदार्थों की बिक्री में लिप्त थे और मुनाफा आपस में बांटते थे। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में एक और नाम सामने आया है, सागर सोनकर का जो इस पूरे नेटवर्क का अहम कड़ी बताया जा रहा है। लेकिन अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
सवाल जो खड़े हो रहे हैं
क्या यह सिर्फ दो युवकों की गिरफ्तारी है या शहर में फैले बड़े ड्रग्स सिंडिकेट की झलक? आखिर एक करोड़ से ज्यादा की हेरोइन शहर तक कैसे पहुंची और कौन है असली सप्लायर? क्या फरार आरोपी ही ‘मास्टरमाइंड’ है या उसके पीछे भी कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है? सबसे बड़ा सवाल क्या इतनी बड़ी खेप बिना किसी संरक्षण के शहर में घूम रही थी? फिलहाल पुलिस इस बरामदगी को बड़ी सफलता मान रही है, लेकिन असली परीक्षा उस नेटवर्क को तोड़ने की है, जिसकी जड़ें अभी भी जमीन के नीचे गहरी नजर आ रही हैं।
