उमेश गुप्ता / वाराणसी
चोलापुर थाना क्षेत्र के बनियापुर गांव में दो व्यक्तियों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, एक शव घर के कमरे में मिला, जिसके सिर पर खून बहने के निशान थे। दूसरा शव बाथरूम से बरामद हुआ। घटनास्थल से सल्फास (जहर) का एक पैकेट भी मिला है।
मृतकों में एक व्यक्ति की पहचान अभिजीत गांगुली के रूप में हुई है, जबकि दूसरे व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों व्यक्ति शराब पीने के आदी बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही चोलापुर पुलिस के साथ एसीपी, डीसीपी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस हत्या, आत्महत्या या अन्य किसी कारण की आशंका को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।
