मुख्यपृष्ठग्लैमरएक फ्रेम में दिखे दो दमदार सितारे, विक्की कौशल और रितेश देशमुख

एक फ्रेम में दिखे दो दमदार सितारे, विक्की कौशल और रितेश देशमुख

विक्की कौशल और रितेश देशमुख की खास मुलाकात, ‘राजा शिवाजी’ पर चर्चा

हिमांशु राज

जियो स्टूडियोज और मुंबई फिल्म कंपनी की फिल्म ‘राजा शिवाजी’ अब अपनी रिलीज के बेहद करीब है। इसी बीच दर्शकों को एक खास और यादगार पल देखने को मिला, जब ‘छावा’ और छत्रपति शिवाजी महाराज एक ही फ्रेम में नजर आए। एक विशेष मुलाकात के दौरान विक्की कौशल ने रितेश देशमुख से मुलाकात की, जो ‘राजा शिवाजी’ में मुख्य भूमिका निभाने के साथ निर्देशन, निर्माण और लेखन की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।

दोनों के बीच फिल्म को लेकर गहन बातचीत हुई। इस दौरान रितेश देशमुख ने एक साथ कई भूमिकाएं निभाने के अनुभव, हिंदी और मराठी फिल्म इंडस्ट्री के मजबूत कलाकारों को एक साथ लाने की प्रक्रिया और द्विभाषी फिल्म के निर्माण से जुड़ी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। वहीं विक्की कौशल ने भी रितेश और पूरी टीम को फिल्म के लिए शुभकामनाएं दीं। मेकर्स ने इस मुलाकात की एक झलक साझा की है, जबकि पूरा वीडियो जल्द जारी किया जाएगा। इस फिल्म में हिंदी और मराठी सिनेमा के कई बड़े कलाकार एक साथ नजर आएंगे, जिनमें संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, बोमन ईरानी, भाग्यश्री, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी, अमोल गुप्ते और जिनिलीया देशमुख शामिल हैं।

फिल्म की पूरी कमान रितेश देशमुख के हाथों में है, जिन्होंने इसे लिखा, निर्देशित, निर्मित और इसमें अभिनय भी किया है। जियो स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत ‘राजा शिवाजी’ मुंबई फिल्म कंपनी के बैनर तले बनाई गई है। इसका निर्माण ज्योति देशपांडे और जिनिलीया देशमुख ने किया है। छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और विरासत पर आधारित यह भव्य ऐतिहासिक फिल्म 1 मई 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में मराठी और हिंदी भाषा में रिलीज होगी, जो भारतीय इतिहास को भव्यता और भावनाओं के साथ प्रस्तुत करेगी।

अन्य समाचार