मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिस्वच्छ फल्गु, स्वच्छ गयाजी अभियान के तहत राय बिंदेश्वरी घाट पर सफाई,...

स्वच्छ फल्गु, स्वच्छ गयाजी अभियान के तहत राय बिंदेश्वरी घाट पर सफाई, श्रमदान हेतु चला जनजागरण कार्यक्रम

अनिल मिश्र / पटना

बिहार प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, पौराणिक एवं धार्मिक नगरी गयाजी के स्थानीय किरानी घाट रोड स्थित राय बिंदेश्वरी घाट पर स्वच्छ फल्गु, स्वच्छ गयाजी अभियान के बैनर तले स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाकर स्थानीय लोगों के बीच जनजागरण किया गया तथा प्रत्येक रविवार की तरह कल रविवार को घंटा-दो घंटा श्रमदान कर फल्गु नदी को स्वच्छ रखने का संकल्प दोहराया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अभियान समिति के संयोजक विजय कुमार मिट्ठू, सह-संयोजक बैजू प्रसाद, टिंकू गिरी, अंश उपाध्याय, रवि कुमार सिंह, बाबूलाल प्रसाद सिंह, मुरारी प्रसाद, मिथिलेश तिवारी, मोहम्मद ऐहतेश्याम आदि ने कहा कि हम गयाजीवासी विश्व प्रसिद्ध अंत:सलिला, मोक्षदायिनी फल्गु नदी को घनी आबादी के बीच प्रत्येक रविवार को श्रमदान कर साफ-सुथरी रखने का कार्य निरंतर छह रविवार से कर रहे हैं, जिसका परिणाम भी अब सामने आना शुरू हो गया है।
इस बीच श्रमदान में शामिल प्रबुद्ध लोगों ने कहा कि गया नगर निगम, स्थानीय लोगों, विभिन्न एनजीओ एवं सामाजिक संगठनों द्वारा अब फल्गु सफाई हेतु जागरूकता आई है। फल्गु नदी के दोनों छोरों पर मरीन ड्राइव, जिसमें पश्चिमी छोर पर बोधगया से चाकंद तक तथा पूर्वी छोर पर गुरियावां से खिजरसराय तक सड़क का निर्माण कराने से घनी आबादी के बीच फल्गु नदी अतिक्रमण से बचेगी तथा यातायात की सुविधा भी सुदृढ़ होगी।

अन्य समाचार