मुख्यपृष्ठटॉप समाचारविधानमंडल में गूंजा ‘अंडरवर्ल्ड’ का मामला ... सिर्फ गिरफ्तारी नहीं गैंग का...

विधानमंडल में गूंजा ‘अंडरवर्ल्ड’ का मामला … सिर्फ गिरफ्तारी नहीं गैंग का खात्मा करो! …शिवसेना की मुख्यमंत्री फडणवीस से जोरदार मांग

धीरेंद्र उपाध्याय / मुंबई
कल विधान परिषद में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग का मामला जोरदार तरीके से गूंजा। इस मुद्दे पर शिवसेना विधायक सचिन अहिर ने कहा कि मामले में केवल गिरफ्तारी से काम नहीं चलेगा, बल्कि पूरे गैंग के नेटवर्क का खात्मा करो। यह बहुत जरूरी है। इस पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सदन में स्वीकार किया कि रोहित शेट्टी के निवास के बाहर फायरिंग की गई थी।
इस मामले में १३ आरोपियों की गिरफ्तारी हुई, जिसमें तीन आपराधिक पृष्ठभूमि के पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में अहम कड़ी माने जा रहे अनमोल बिश्नोई को मुंबई पुलिस की कस्टडी में सौंपने की मांग केंद्र सरकार से की गई है, जिससे जांच को और गति मिलने की उम्मीद है। बता दें कि रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना ने न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि शहर में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क और उसके कथित अंतर्राष्ट्रीय कनेक्शन को लेकर भी सियासी तूफान खड़ा कर दिया है।
हाई प्रोफाइल लोगों को
निशाना बना रहे गैंगस्टर!
सदन में उठा फायरिंग का मुद्दा
विधान परिषद में कल रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग का मामला उठा। शिवसेना सदस्य सचिन अहिर ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह कोई सामान्य लोकल गैंग नहीं, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर काम करने वाला संगठित नेटवर्क है, जो हाई-प्रोफाइल लोगों को निशाना बना रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि इससे पहले सलमान खान पर भी फायरिंग हुई थी और हाल ही में एक दो विधायकों को भी धमकियां मिली हैं। ऐसे में सिर्फ सुरक्षा देना समस्या का समाधान नहीं है। अहिर ने सवाल उठाया कि इस घटना के पीछे मौजूद अंतर्राष्ट्रीय लिंक की जांच कितनी गहराई से हुई है और सरकार इस गैंग को जड़ से खत्म करने के लिए क्या ठोस रणनीति बना रही है? उन्होंने कहा कि जिस तरह पहले अंडरवर्ल्ड के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर उसे खत्म करने की कोशिश की गई थी, उसी तरह अब इस नए नेटवर्क पर निर्णायक वार करना होगा।
विधान परिषद में तारांकित प्रश्न के माध्यम से यह मुद्दा उठते ही राजनीतिक माहौल गरमा गया। विधायक मिलिंद नार्वेकर के सवालों के जवाब में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना की पुष्टि करते हुए कार्रवाई का पूरा ब्योरा दिया, लेकिन विपक्ष इससे संतुष्ट नहीं दिखा।

अन्य समाचार