मुख्यपृष्ठसमाचारयूपी एटीएस ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के चार स्लीपर सेल सहारनपुर...

यूपी एटीएस ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के चार स्लीपर सेल सहारनपुर से दबोचे

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

यूपी एटीएस ने सहारनपुर से चार संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया है, जिन पर पाकिस्तानी गैंगस्टर और विदेशी हैंडलर्स से जुड़े होने का आरोप है। जांच में संवेदनशील स्थानों की रेकी, युवाओं को भड़काने और देशविरोधी गतिविधियों की साजिश रचने के संकेत मिले हैं। एजेंसियां मामले में गहन पूछताछ कर रही हैं।
एटीएस ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के स्लीपर सेल से जुड़े चार युवकों को मंगलवार को सहारनपुर से गिरफ्तार किया। इनमें सहारनपुर निवासी महकाब और शाहरुख, मुजफ्फरनगर निवासी गगनदीप उर्फ गुरी सिंह तथा हरिद्वार निवासी मुशर्रफ शामिल हैं। बताया गया है कि चारों पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में थे और उसके इशारे पर संवेदनशील स्थानों की रेकी करने के साथ-साथ देशविरोधी गतिविधियों के लिए युवाओं को शामिल कर रहे थे।
यूपी के एडीजी कानून-व्यवस्था एवं एसटीएफ अमिताभ यश ने बताया कि इस मॉड्यूल के संबंध में एटीएस और एसटीएफ ने संयुक्त रूप से जांच की थी, जिसमें चारों की संलिप्तता पाकिस्तानी गैंगस्टर्स के अलावा आईएसआई हैंडलर्स के साथ होने के प्रमाण मिले हैं। चारों सोशल मीडिया और वीडियो कॉलिंग के माध्यम से पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में थे। उनके इशारे पर संवेदनशील स्थलों की रेकी करने के साथ युवाओं को आतंकी गतिविधियों की साजिश में शामिल होने के लिए जोड़ा जा रहा था।
पुख्ता साक्ष्य मिलने के बाद चारों को सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया। उन्हें रिमांड पर लेकर आईएसआई के मंसूबों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
बताया गया है कि पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी, आईएसआई के इशारे पर पश्चिमी यूपी के युवाओं को आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के लिए लगातार बरगला रहा है। इससे पहले भी शहजाद के संपर्क में रहने वाले आधा दर्जन से अधिक युवाओं को पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड से गिरफ्तार किया जा चुका है। इन सभी को सामरिक महत्व के स्थानों, महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों और हिंदूवादी नेताओं को निशाना बनाने का टास्क दिया जाता था। बदले में उन्हें लाखों रुपये और हथियार मुहैया कराए जाते थे।

अन्य समाचार