राजेश सरकार
प्रयागराज। शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता रजनीश सिंह पर तेलियरगंज इलाके में कथित तौर पर थार सवार हमलावर ने गोली चला दी। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पीछा किए जाने पर आरोपी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध थार वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
शुरुआती पड़ताल में वाहन का संबंध जमुना मिशन कंपाउंड मुट्ठीगंज निवासी आर्ची तिमोथी उर्फ सोनू से जुड़ा बताया जा रहा है, जो बिशप मोरिस एडगर दान के निजी सचिव के रूप में चर्चित है। मामले ने इसलिए भी तूल पकड़ लिया है क्योंकि आर्ची तिमोथी का नाम 90 के दशक में हुए शहर के चर्चित नजरेथ अस्पताल की डॉ. स्वाति सरकार बलात्कार और हत्या कांड में भी सामने आ चुका है। उस प्रकरण ने पूरे शहर को झकझोर दिया था।
सूत्रों का कहना है कि आरोपी की कथित पारिवारिक नजदीकियों को लेकर पहले भी ईसाई और सामाजिक संगठनों ने विरोध दर्ज कराया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब अधिवक्ता पर फायरिंग की घटना के बाद वकीलों में भारी आक्रोश है। अधिवक्ता संगठनों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए एडिशनल कमिश्नर पुलिस से मिलकर आरोपी पर जल्द कार्रवाई का दबाव बनाया है।
इधर, पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और संभावित ठिकानों पर तलाश जारी है। घटना के बाद बिशप हाउस समेत शहर के कई हिस्सों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।
