रूसी तेल को लेकर अमेरिकी रुख पर ईरानी विदेश मंत्री का तगड़ा हमला
एजेंसी / तेहरान
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने रूसी कच्चे तेल को लेकर अमेरिका के रुख पर निशाना साधा है। ईरानी विदेश मंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में भारत का जिक्र करते हुए दावा किया कि अमेरिका, जिसने पहले रूस से तेल आयात रोकने के लिए दबाव बनाया था। अब वह भारत समेत दुनिया भर के देशों से रूसी तेल को खरीदने की भीख मांग रहा है। यही नहीं, अराघची ने युद्ध में अमेरिका को समर्थन देने पर यूरोप को भी अपनी पोस्ट में आड़े हाथों लिया है।
सैयद अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म `एक्स’ पर ब्रिटिश अखबार की कटिंग शेयर करते हुए लिखा, `अमेरिका ने भारत को रूस से तेल इंपोर्ट खत्म करने के लिए धमकाने में महीनों बिता दिए। ईरान के साथ दो हफ्ते के युद्ध के बाद, व्हाइट हाउस भारत समेत पूरी दुनिया के सामने रूसी क्रूड ऑयल खरीदने के लिए गिड़गिड़ा रहा है। अराघची ने अपनी पोस्ट में यूरोप पर निशाना साधते हुए कहा कि यूरोप को उम्मीद थी कि ईरान के खिलाफ इस कदम से उन्हें रूस के खिलाफ अमेरिका का समर्थन मिलेगा। अराघची ने यूरोपीय देशों के इस रुख को दयनीय करार दिया है। बता दें कि युद्ध के बीच अमेरिका ने सभी देशों को समुद्र में फंसे रूसी तेल को खरीदने पर १ महीने की अस्थायी तौर से ढील दे दी थी।
ईरान के तेवर पर खिसियाए अमेरिकी राष्ट्रपति
ईरान के इस दावे के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खिसिया गए हैं। ट्रूथ सोशल पर पोस्ट शेयर करते हुए ट्रंप ने कहा, `अमेरिका सैन्य और आर्थिक दोनों ही तरीकों से ईरानी शासन को तबाह कर रहा है। ईरानी नेताओं को मारना मेरे लिए एक सम्मान की बात है।’
बगदाद में अमेरिकी एंबेसी पर बड़ा हमला
अमेरिकी दूतावास पर एक बड़ा हमला हुआ। इराकी अधिकारियों के अनुसार, दूतावास परिसर के भीतर मौजूद हेलिपैड को निशाना बनाकर मिसाइल दागी गई हैं। हमले के तुरंत बाद दूतावास परिसर से काला धुआं निकलता देखा गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। अमेरिकी दूतावास में लगे रडार सिस्टम को एक आत्मघाती ड्रोन द्वारा निशाना बनाया गया।
