वामिका गब्बी अपनी आने वाली फिल्म ‘पति पत्नी और दो’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान अचानक चर्चा में आ गईं। मुंबई में हुए इस इवेंट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक मजाक के बाद वह असहज नजर आईं। इस इवेंट में आयुष्मान खुराना, सारा अली खान और रकुल प्रीत सिंह समेत पूरी स्टारकास्ट मौजूद थी। माहौल शुरुआत में काफी हल्का-फुल्का और मजेदार था, लेकिन तभी एंकर ने वामिका के नाम को लेकर एक ऐसा मजाक कर दिया, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। वायरल वीडियो में होस्ट यह कहते सुनाई देता है कि वह जानना चाहता है कि वामिका के जन्म में ‘मीका पाजी’ का क्या योगदान रहा और उनके नाम को इससे जोड़ते हुए मजाक करता है। इस पर वामिका हल्का सा मुस्कुराईं, लेकिन उनके चेहरे से साफ झलक रहा था कि वह इस टिप्पणी से सहज नहीं थीं। उन्होंने इस मजाक का कोई जवाब नहीं दिया। सोशल मीडिया पर भी यूजर्स का मानना है कि वह उस समय थोड़ा शर्मिंदा और अनकंफर्टेबल महसूस कर रही थीं, जिससे यह वीडियो और ज्यादा चर्चा में आ गया।
