उमेश गुप्ता/वाराणसी
वाराणसी पुलिस कमिशनर ने गंगा नदी में स्नान के दौरान एक युवक द्वारा बीयर पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला दशाश्वमेध थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में जनेऊ धारण किए एक युवक को गंगा में स्नान करते हुए हाथ में बीयर की केन लेकर पीते देखा जा सकता है। आसपास मौजूद कुछ युवकों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो सामने आने के बाद एक अधिवक्ता ने दशाश्वमेध थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले को लेकर लोगों में विभिन्न प्रकार की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी गंगा नदी में नाव पर बिरयानी पार्टी और बीयर पार्टी के वीडियो वायरल हो चुके हैं, जिन पर पुलिस कार्रवाई कर चुकी है। इसी क्रम में यह तीसरा मामला सामने आया है, जिसमें गंगा में आपत्तिजनक तरीके से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
मामले में एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की शिकायत मिलने के बाद जांच की गई। प्रारंभिक जांच में युवक की पहचान संतोष के रूप में हुई है, जो वीडियो में स्वयं को बिहार के रोहतास जनपद का निवासी बता रहा है। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
