एक तरफ तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय दलपति की सादगी चर्चा में है, जहां वे दफ्तर में घर से लाया टिफिन खाते नजर आते हैं, वहीं दूसरी ओर सेलिब्रिटी दुनिया में महंगी गाड़ियों और वैभव-प्रदर्शन की होड़ जारी है। क्रिकेटर हार्दिक पांड्या ने हाल ही में करीब १२ करोड़ रुपए की फेरारी १२ सिलिंड्री खरीदी और इसके बाद गर्लप्रâेंड माहिका शर्मा को करीब डेढ़ करोड़ रुपए की मर्सिडीज-बेंज वी-क्लास उपहार में देने की खबर आई।
ऐसे उदाहरण केवल हार्दिक तक सीमित नहीं हैं। शाहरुख खान के गैराज में करीब ४ करोड़ रुपए की वैâडिलैक एस्केलेड जुड़ने की खबर आई, जबकि गायक जुबिन नौटियाल ने भी १.३० करोड़ रुपए से अधिक कीमत वाली बीएमडब्ल्यू आई७ इलेक्ट्रिक सेडान खरीदी।
यहां सवाल किसी की कमाई या पसंद का नहीं, बल्कि सार्वजनिक जीवन की संवेदनशीलता का है। जब देश का आम आदमी महंगाई, ईएमआई और रोजमर्रा के खर्चों से जूझ रहा हो, तब नेताओं और सेलिब्रिटीज का हर आचरण संदेश बन जाता है। विजय की टिफिन वाली छवि इसलिए असर करती है, क्योंकि वह सत्ता को वैभव नहीं, सादगी से जोड़ती है।
