मुख्यपृष्ठसमाचारस्वच्छ फल्गु–स्वच्छ गयाजी अभियान के बैनर तले रामशीला घाट पर श्रमदान एवं...

स्वच्छ फल्गु–स्वच्छ गयाजी अभियान के बैनर तले रामशीला घाट पर श्रमदान एवं जनजागरण

अनिल मिश्र/पटना

बिहार के प्राचीन शहरों में शुमार ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक नगरी गयाजी के रामशीला घाट पर स्थानीय लोगों के बीच जनजागरण अभियान चलाकर सप्ताहांत के दिन, प्रत्येक रविवार को श्रमदान के माध्यम से घाटों की सफाई का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। घनी आबादी के बीच स्थित घाटों की सीढियां और फल्गु नदी को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी है।

आज आयोजित कार्यक्रम में अभियान समिति के संयोजक विजय कुमार मिट्ठू, सह संयोजक टिंकू गिरी, सरोज कुमार, मोहम्मद ताहिर हुसैन, मुन्ना मांझी, शिवेंद्र कुमार, पवन कुमार और कुंदन कुमार सहित अन्य सदस्य शामिल हुए। उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने से अधिक समय से प्रत्येक रविवार को “स्वच्छ फल्गु–स्वच्छ गयाजी” अभियान के तहत यह पहल की जा रही है।

अभियान के तहत आज छठे रविवार को रामशीला घाट की सीढियों पर जमा भारी गंदगी को साफ करने के लिए श्रमदान किया गया। साथ ही स्थानीय लोगों को भी इस कार्य में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान से जुड़े लोगों ने गया नगर निगम से घाटों की नियमित सफाई कराने की मांग भी की।

इस दौरान शहर के प्रमुख बुद्धिजीवियों ने फल्गु नदी के दोनों किनारों के विकास को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने पश्चिमी छोर पर बोधगया से चाकंद तक और पूर्वी छोर पर भदेजा से गया इंजीनियरिंग कॉलेज तक मैरीन ड्राइव बनाने की मांग दोहराई।

इसके साथ ही उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि शहर की नालियों का पानी सीधे फल्गु नदी में जाने के बजाय सुरक्षित रूप से भूमिगत पक्के नालों के जरिए शहर से बाहर खेतों की ओर मोड़ा जाए, ताकि नदी की स्वच्छता बनी रहे।

अभियान के माध्यम से स्थानीय लोगों में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे गयाजी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और सुदृढ़ किया जा सके।

अन्य समाचार