मुख्यपृष्ठनए समाचारआज मतदान: मुंबईकरों में तस्वीर बदलने का उत्साह... ‘गद्दारों’ को सबक सिखाने...

आज मतदान: मुंबईकरों में तस्वीर बदलने का उत्साह… ‘गद्दारों’ को सबक सिखाने उतरेगी जनता… ‘मशाल’ करेगी कमाल

-महाविकास आघाड़ी उम्मीदवारों में भारी उत्साह

रामदिनेश यादव / मुंबई

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में मुंबई की छह सीटों समेत महाराष्ट्र की १३ सीटों पर आज मतदान होगा। माना जा राह है कि इस चुनाव में महायुति और महाविकास आघाड़ी में जोरदार टक्कर है। इस लड़ाई में महाविकास आघाड़ी को भारी बताया जा रहा है। मुंबई को मिलाकर महामुंबई में कुल १० सीटें हैं, जिनमें से ५ सीटों पर गद्दारों के खिलाफ शिवसैनिक मशाल लेकर मैदान में हैं। इस लड़ाई में प्रतिद्वंद्वियों को नेस्तनाबूद करने के लिए शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष के शिवसैनिकों ने कमर कस ली है। इन दसों सीटों पर लगभग एक करोड़ ६० लाख मतदाता हैं, जो अपने मताधिकारों का उपयोग करने उतरेंगे। चुनाव आयोग की ओर से चुनाव के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अकेले मुंबई में सिटी पुलिस, होम गार्ड और केंद्रीय बलों के लगभग ३५,००० कर्मियों को ड्यूटी पर तैनात किया गया है। मुंबई की छह सीटों में उत्तर मुंबई लोकसभा क्षेत्र में सर्वाधिक १८.१२ लाख मतदाता हैं, वहीं दक्षिण-मध्य मुंबई लोकसभा क्षेत्र में सबसे कम १४.७४ लाख मतदाता हैं। माना जा रहा है कि मुंबई की सभी ६ सीटों पर महाविकास आघाड़ी जीत हासिल करेगी।
सफल होंगे सावंत
दक्षिण मुंबई सीट पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष के अरविंद सावंत मैदान में हैं। इनके खिलाफ महायुति की ओर से शिंदे गुट ने यामिनी जाधव को उतारा है, जबकि अरविंद सावंत दो बार यहां से सांसद रह चुके हैं और केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। उनकी पकड़ जनता में ज्यादा बताई जा रही है। माना जा रहा है कि अरविंद सावंत यहां से हैट्रिक लगाने में सफल होंगे।
देसाई ने ताकत बढ़ाई
दक्षिण मध्य मुंबई सीट पर महाविकास आघाड़ी की ओर से शिवसेना के प्रत्याशी अनिल देसाई की मजबूत स्थिति दिखाई दे रही है। उनके सामने दो बार सांसद रहे और शिवसेना से गद्दारी करने वाले राहुल शेवाले को शिंदे गुट ने मैदान में उतारा है। राहुल शेवाले पर कई गंभीर आरोप और जनता में उनके कार्यों के प्रति नाराजगी साफ झलक रही है। शेवाले के खिलाफ लोगों की नाराजगी ही देसाई के लिए सबसे बड़ी ताकत है।
वर्षा पर होगी वोटों की ‘वर्षा’
मुंबई की उत्तर मध्य लोकसभा सीट इन दिनों काफी चर्चा में है। जहां पर आतंकी कसाब को सजा दिलाने वाले वकील उज्ज्वल निकम भाजपा की तरफ से तो महाविकास आघाड़ी की ओर से कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर वर्षा गायकवाड मैदान में हैं। वर्षा गायकवाड के पिता एकनाथ गायकवाड दो बार सांसद रह चुके हैं तो वर्षा गायकवाड खुद चार बार एमएलए और राज्य में वरिष्ठ मंत्री रह चुकी हैं। ऐसे में वर्षा गायकवाड का अपना नेटवर्क होने के नाते उनको पूरा जन समर्थन मिल रहा है। पूर्व सांसद प्रिया दत्त, नसीम खान सहित तमाम कांग्रेस और शिवसेना के वरिष्ठ पदाधिकारी वर्षा गायकवाड को सफल बनाने में जुटे हैं।
कमजोर कड़ी है कोटेचा
इसी तरह उत्तर पूर्व मुंबई लोकसभा सीट में भी शिवसेना के संजय दीना पाटील बेहतर स्थिति में दिखाई दे रहे हैं। माना जा रहा है कि संजय दीना पाटील ४ लाख से भी अधिक वोटों से जीत हासिल करेंगे। उनके सामने भाजपा ने अपने वर्तमान सांसद का पत्ता काटकर विधायक मिहिर कोटेचा को टिकट दिया है। मिहिर कोटेचा वैसे देवेंद्र फडणवीस के करीबी माने जाते हैं लेकिन क्षेत्र में उनकी पकड़ कमजोर होने के कारण उन्हें झटका लग सकता है।
कीर्तिमान कायम करेंगे अमोल कीर्तिकर
उत्तर-पश्चिम मुंबई से शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्ष की ओर से प्रत्याशी अमोल कीर्तिकर सबसे युवा उम्मीदवार हैं। अमोल कीर्तिकर के पिता गजानन कीर्तिकर कई बार इस क्षेत्र से सांसद रह चुके हैं। अमोल ने शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के साथ रहकर अपनी ईमानदारी का परिचय दिया है। इस सीट पर अमोल को भारी मतों से जीत मिलेगी, ऐसा दावा किया जा रहा है, वहीं युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे और शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे का आशीर्वाद अमोल कीर्तिकर के साथ है। अमोल के सामने गद्दार शिंदे गुट ने शिवसेना से गद्दारी करने वाले विधायक रविंद्र वायकर को मैदान में उतारा है। उत्तर मुंबई की सीट पर भी महाविकास आघाड़ी की ओर से कांग्रेस प्रत्याशी भूषण पाटील मैदान में हैं। भूषण पाटील के खिलाफ भाजपा के वरिष्ठ मंत्री और राज्यसभा सांसद पीयूष गोयल टक्कर दे रहे हैं। पाटिल को कांग्रेस, एनसीपी के साथ शिवसेना का भरपूर समर्थन मिल रहा है।

अन्य समाचार