-अजय राय की टिप्पणी से नाराज भाजपाइयों ने फूंका पुतला, जवाब में कांग्रेसियों ने जलाए पोस्टर
उमेश गुप्ता / वाराणसी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर वाराणसी में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच राजनीतिक तनातनी बढ़ गई है। इस टिप्पणी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। भाजपा युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल के नेतृत्व में सोमवार को जिला मुख्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का पुतला फूंका। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने “राहुल गांधी मुर्दाबाद” और “अजय राय मुर्दाबाद” के नारे लगाए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सम्मानित नेता हैं और उनके खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भाजपा युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने कहा कि अजय राय को अपने शब्दों पर संयम रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार की बयानबाजी कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाती है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस नेताओं द्वारा इस तरह की बयानबाजी बंद नहीं की गई तो आगे भी आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं, पुतला दहन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता भी एकत्र हुए और उन्होंने आरोप लगाया कि अजय राय के बयान को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया गया है। विरोध स्वरूप कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पोस्टर जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
