सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई के कई हिस्सों में आज और कल जल आपूर्ति प्रभावित रहने वाली है। मंगलवार सुबह १० बजे से लेकर बुधवार ६ मई २०२६ को शाम ४ बजे तक कुल ३० घंटे के लिए पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी, जबकि कुछ इलाकों में कम दबाव के साथ आपूर्ति की जाएगी।
इस बंद का मुख्य कारण अमर महल (हेडगेवार उद्यान के पास) से वडाला के प्रतीक्षा नगर, परेल के एएमटी-१, ट्रॉम्बे जलाशय (एएमटी-२) और तूर्भे उच्च स्तरीय जलाशय तक जाने वाली १८०० मिमी व्यास की जल सुरंग के कनेक्शन का कार्य है। इस दौरान १८०० मिमी तूर्भे उच्च स्तरीय नहर को दूसरी १८०० मिमी लाइन से जोड़ा जाएगा। साथ ही १२०० मिमी तूर्भे निम्न स्तरीय नहर भी कार्य के दौरान बंद रहेगी। मनपा के अनुसार, यह काम जर्जर जल अवसंरचना को आधुनिक बनाने की व्यापक योजना का हिस्सा है। इसका उद्देश्य दूरस्थ स्रोतों से शहर के अधिक मांग वाले इलाकों तक पानी की आपूर्ति को अधिक प्रभावी और सुचारू बनाना है। अधिकारियों ने बताया कि इस निर्धारित अवधि में सटीक इंजीनियरिंग कार्य किया जाएगा, जिससे भविष्य में रिसाव और क्षमता से जुड़ी समस्याओं को कम किया जा सके। मनपा ने नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यकतानुसार पानी का भंडारण कर लें और उसका उपयोग संयम से करें। प्रशासन ने यह भी कहा है कि पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने से गर्मी के मौसम में टैंकर जैसी वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर दबाव कम किया जा सकेगा।
