सुनील ओसवाल / मुंबई
महाराष्ट्र की राजनीति में उस वक्त सनसनी पैâल गई जब विधान परिषद के पूर्व नेता विपक्ष अंबादास दानवे को अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर जान से मारने की धमकी दी। आधी रात आए कॉल में धमकी देने वाले ने खुलेआम कहा, ‘ठोक देंगे, काट डालेंगे।’ इस घटना के सामने आते ही राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। दानवे ने इस मामले में छत्रपति संभाजीनगर के पुलिस आयुक्त से औपचारिक शिकायत की है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, यह धमकी रविवार देर रात करीब २ बजे फोन कॉल के जरिए दी गई। धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए आरोपी ने दानवे को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। इसके बाद क्रांति चौक पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया और सुरक्षा के तौर पर उनके घर के बाहर पुलिस बंदोबस्त तैनात कर दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फोन कॉल किसने किया, किस जगह से किया और इसके पीछे किसका हाथ हो सकता है?
साइबर सेल कर रहा है मदद
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है। दानवे ने मीडिया को बताया कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें लगातार धमकी भरे फोन आ रहे थे, लेकिन उन्होंने शुरुआत में इसे ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने बताया, ‘११ से १४ मार्च के बीच लगातार चार दिनों तक देर रात मुझे फोन आए। फोन करने वाले ने ‘काट डालेंगे’ जैसी धमकियां दीं।
परिवार की सुरक्षा को खतरा
दानवे को धमकी का कॉल ९५९५९५९३०३ नंबर से आया था। दानवे ने कहा कि ‘इससे मेरी और मेरे परिवार की सुरक्षा को खतरा हो सकता है।’ घटना के बाद शिवसेना कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है। उन्होंने धमकी देने वालों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। सवाल उठ रहा है कि महाराष्ट्र की राजनीति के इतने बड़े नेता को खुलेआम जान से मारने की धमकी देने की हिम्मत आखिर किसने की?
