सामना संवाददाता / मुंबई
पश्चिम रेलवे ने शुक्रवार, 8 मई 2026 को नरीमन पॉइंट स्थित यशवंतराव चव्हाण सभागार में 71वें रेलवे सप्ताह पुरस्कार समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पांडे ने वर्ष 2025-26 में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मंडलों और इकाइयों को 28 दक्षता शील्ड प्रदान किए।
समारोह में जीएम ओवरऑल एफिशिएंसी शील्ड संयुक्त रूप से मुंबई सेंट्रल और रतलाम मंडल को प्रदान की गई, जबकि सर्वश्रेष्ठ सुधार शील्ड राजकोट मंडल ने हासिल की। इस वर्ष पश्चिम रेलवे ने जनसंपर्क क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए नई शील्ड की शुरुआत की, जिसे अहमदाबाद मंडल को प्रदान किया गया।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुंबई सेंट्रल मंडल ने ऊर्जा दक्षता, कार्मिक प्रबंधन और सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई शील्ड अपने नाम किए। वहीं अहमदाबाद मंडल ने जनसंपर्क, लोडिंग प्रयास और परिचालन में उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज कीं। पालनपुर स्थित रनिंग रूम को सर्वश्रेष्ठ अनुरक्षित रनिंग रूम घोषित किया गया।
वडोदरा मंडल को लेखा, वाणिज्य, ट्रैक्शन, चिकित्सा तथा स्क्रैप मोबिलाइजेशन शील्ड प्रदान किए गए। रतलाम मंडल ने सर्वे एवं निर्माण, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा स्टोर्स श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। राजकोट और रतलाम मंडल को संयुक्त रूप से वाणिज्यिक स्वच्छता शील्ड दी गई, जबकि रेल मदद शील्ड भावनगर और राजकोट मंडल को संयुक्त रूप से प्रदान की गई।
भावनगर मंडल को राजभाषा शील्ड दी गई, जबकि सेफ्टी शील्ड भावनगर और वडोदरा मंडल ने संयुक्त रूप से प्राप्त की। समारोह में पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष सुजाता पांडे, अपर महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी माहौल को आकर्षक बना दिया।
