मुख्यपृष्ठनए समाचारपश्चिम रेलवे के यात्रियों सावधान, कल १३ घंटे का जंबो ब्लॉक!

पश्चिम रेलवे के यात्रियों सावधान, कल १३ घंटे का जंबो ब्लॉक!

-कई गाड़ियां होंगी रद्द
-जरूरी हो तभी निकलें

सामना संवाददाता / मुंबई
आज रात १० बजे से कल सुबह ११ बजे तक पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल और ग्रांट रोड के बीच फास्ट लाइन पर जंबो ब्लॉक रहेगा। पश्चिम रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक, ब्लॉक के दौरान १६८ लोकल को रद्द कर दिया गया है। १३ घंटे के इस जंबो ब्लॉक के चलते यात्रियों को काफी भीड़ का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए सावधान रहने और जरूरत हो तभी घर से बाहर निकलें। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के मुताबिक, ब्लॉक के दौरान स्टील का गर्डर हटाकर उसकी जगह पर कंक्रीट का प्री-कास्ट गर्डर लॉन्च किया जाएगा। वर्तमान में जो स्टील गर्डर हटाया जा रहा है, वह वर्ष १९६४ का है। उस समय यही तकनीकी चलती थी, लेकिन अब तकनीक में कई बदलाव होने के बाद आरसीसी (रिइंफोर्समेंट सीमेंट कंक्रीट) गर्डर लगाया जाएगा। ब्लॉक के दौरान चर्चगेट से चलने वाली फास्ट लाइन की लोकल धीमी लाइन पर संचालित होंगी। आज रात लोकल की २६ ट्रेन रद्द होंगी, वहीं ९ फरवरी यानी संडे को सुबह ११ बजे तक १४२ अप-डाउन लोकल सेवाएं रद्द की जाएगी।
ब्लॉक अवधि के दौरान चर्चगेट की कुछ लोकल ट्रेनों को मुंबई सेंट्रल दादर और बांद्रा स्टेशन से शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा।

अन्य समाचार