मुख्यपृष्ठनए समाचारचाकणकर बहनों का ‘सुरक्षा कवच' कौन?..सुषमा अंधारे का सीधा सवाल

चाकणकर बहनों का ‘सुरक्षा कवच’ कौन?..सुषमा अंधारे का सीधा सवाल

सामना संवाददाता / मुंबई

राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रुपाली चाकणकर की बहन प्रतिभा चाकणकर से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नासिक में अशोक खरात से जुड़े कथित आर्थिक लेन-देन के मामले में करीब आठ घंटे तक पूछताछ की। इस पूछताछ में कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। इसी मुद्दे पर शिवसेना उपनेता सुषमा अंधारे ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने चाकणकर बहनों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे दोनों झूठ बोलने में बेहद निर्लज्ज हो गई हैं। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पुलिस चाकणकर परिवार को गिरफ्तार करने से डर रही है? अंधारे की इस टिप्पणी के बाद चाकणकर परिवार को मिल रहे कथित ‘सुरक्षा कवच’ को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अंधारे ने कहा कि कौन है जो दोनों को सुरक्षा कवच बनकर उनको बचा रहा है। इन शब्दों के साथ उन्होंने सीधे उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान पता चला कि वर्ष २०२५ से २०२६ के बीच प्रतिभा चाकणकर और अशोक खरात के बीच २३० फोन कॉल्स और २०० से अधिक संदेशों का आदान-प्रदान हुआ है। इसमें राज्य के कई मंत्री भी शामिल हैं। इस खुलासे के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। बता दें कि समता नागरी पतसंस्था से जुड़े एक अन्य मामले में पुलिस को बड़ी जानकारी मिली है। शिर्डी पुलिस को इससे जुड़े सैकड़ों संदिग्ध बैंक खाते मिले हैं, जिनमें खरात कथित रूप से लाभार्थी या नियंत्रक बताया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि इन खातों में प्रतिभा चाकणकर और उनके बेटे के नाम पर चार बैंक खाते शामिल हैं। फिलहाल, मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

अन्य समाचार