मुख्यपृष्ठसमाचारसेक्सटॉर्शन से परेशान महिला ने की आत्महत्या

सेक्सटॉर्शन से परेशान महिला ने की आत्महत्या

अश्लील तस्वीरों के जरिए कर रहा था ब्लैकमेल
शारीरिक संबंध का डाल रहा था दबाव

सामना संवाददाता / मुंबई

शादीशुदा महिला ने सेक्सटॉर्शन से परेशान होकर अपने घर में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। आरोपी महिला को उसकी अश्लील तस्वीरें दिखाकर ब्लैकमेल कर रहा था और शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर कर रहा था। कई दिनों से चल रहे इस उत्पीड़न का मामला तब और गंभीर हो गया, जब आरोपी ने महिला को धमकी दी कि यदि उसने उससे शारीरिक संबंध नहीं बनाए तो वह उसकी अश्लील तस्वीरें उसके पति को भेज देगा। इस धमकी से घबराकर महिला ने आत्महत्या कर ली। वडाला ट्रक टर्मिनस पुलिस ने आरोपी को सेक्सटॉर्शन और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ४६ वर्षीय पीड़िता सायन के प्रतीक्षा नगर में रहती थी। वह विवाहित थी और उसके १७ वर्षीय बेटा तथा एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, आठ महीने पहले तेलंगाना निवासी आरोपी का गलती से महिला को फोन लग गया था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हो गई और बाद में मुलाकातें भी होने लगीं। आरोपी महिला से मिलने के लिए तेलंगाना से मुंबई आता था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं।
जब महिला के पति को इस संबंध की जानकारी मिली तो महिला ने आरोपी से मिलना-जुलना बंद कर दिया। जब महिला ने जवाब देना बंद किया तो आरोपी ने उसकी निजी तस्वीरें भेजना शुरू कर दिया और धमकी दी कि यदि उसने उसकी बात नहीं मानी तो वह तस्वीरें उसके पति को भेज देगा।
वडाला ट्रक टर्मिनस पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण महिला बेहद डरी हुई और मानसिक तनाव में थी। जांच अधिकारी के अनुसार, आरोपी की धमकियों से परेशान होकर महिला ने घर में जहर पी लिया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अन्य समाचार