सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
देश में जनगणना प्रारंभ हो चुकी है। यूपी में बड़ी संख्या में सरकारी शिक्षकों को भी इस ड्यूटी में लगा दिया गया है। यहां तक कि महिलाओं को भी लगा दिया गया है, जिसका व्यापक स्तर पर विरोध शुरू हो गया है। अवध क्षेत्र के सुल्तानपुर जिले में भी विरोध प्रदर्शन की सुगबुगाहट मिलने लगी है। इसी क्रम में यूपी महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष डॉ. गायत्री सिंह के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने बीएसए उपेंद्र गुप्त से वार्ता की और उन्हें एक मांग पत्र सौंपा।
महिला शिक्षकों ने कहा कि अत्यधिक गर्मी के कारण बच्चों के विद्यालय के समय में परिवर्तन किया जाए। गंभीर रूप से बीमार शिक्षिकाओं को जनगणना ड्यूटी से मुक्त रखा जाए। इसके साथ ही गर्भवती शिक्षिकाओं को भी इस कार्य से दूर रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए,ताकि उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
प्रतिनिधिमंडल की मांग है कि जनगणना कार्य में लगाए गए शिक्षकों के लिए आवागमन के लिये उचित साधन उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही उन्हें उनके कार्य के अनुरूप उचित मानदेय दिया जाए और ड्यूटी पूर्ण होने के बाद नियमानुसार अवकाश भी प्रदान किया जाए। इस दौरान जिला संगठन मंत्री डॉ. बीना रतन मिश्रा सहित दर्जनों महिला शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। सभी ने एक स्वर में शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से अंजू मिश्रा, सीमा मिश्रा व प्रीति गुप्ता आदि उपस्थित रहीं।
