-बालू माफियाओं, ओवरलोड ट्रकों और बिना नंबर प्लेट दौड़ रहे वाहनों पर संयुक्त कार्यबल की ताबड़तोड़ कार्रवाई से मचा हड़कंप
राजेश सरकार / प्रयागराज
अवैध खनन, ओवरलोडिंग और बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ जोन यमुनानगर पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए खनन माफियाओं और नियम तोड़ने वालों पर जोरदार प्रहार किया है। दो दिनों तक चलाए गए व्यापक अभियान में पुलिस, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय, राजस्व और खनन विभाग के संयुक्त कार्यबल ने कुल 95 वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर इलाके में हड़कंप मचा दिया।
अभियान के दौरान अवैध बालू खनन में संलिप्त 11 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। वहीं थाना लालापुर क्षेत्र के मानपुर घाट पर अवैध खनन करते पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ खान निरीक्षक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई करते हुए साफ संदेश दिया है कि अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ओवरलोड वाहनों के खिलाफ भी संयुक्त टीम ने सख्त रुख अपनाया। जांच अभियान के दौरान 40 ओवरलोड वाहनों को सीज किया गया, जबकि 12 अन्य वाहनों का चालान किया गया। अधिकारियों का कहना है कि ओवरलोड वाहन न केवल सड़कों को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि हादसों का बड़ा कारण भी बनते हैं।
बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर फर्राटा भर रहे वाहनों पर भी पुलिस की नजर टेढ़ी रही। अभियान के दौरान 30 ऐसे वाहनों को सीज किया गया, जो बिना नंबर प्लेट के संचालित हो रहे थे, जबकि दो वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
जोन यमुनानगर पुलिस और प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई से अवैध खनन कारोबारियों, ओवरलोड वाहन संचालकों और नियमों को ताक पर रखकर वाहन दौड़ाने वालों में खलबली मच गई है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह लगातार अभियान जारी रहेगा।
