मुख्यपृष्ठसमाचारकनाडा से 12,200 किमी दूर वाराणसी में रचाई शादी, गंगा किनारे भारतीय...

कनाडा से 12,200 किमी दूर वाराणसी में रचाई शादी, गंगा किनारे भारतीय परंपरा में बंधे यानिक और मानों, बोले-सपना देखा था पूरा हुआ

उमेश गुप्ता / वाराणसी

आस्था और भारतीय संस्कृति के प्रति प्रेम की एक अनोखी मिसाल उस समय देखने को मिली जब कनाडा से आए यानिक और मानों ने वाराणसी में गंगा तट पर सनातन परंपरा के अनुसार विवाह रचाया। लगभग 12,200 किलोमीटर की दूरी तय कर यह जोड़ा काशी पहुंचा और मणिकर्णिका तीर्थ स्थित रत्नेश्वर महादेव मंदिर के सामने पूरे विधि-विधान से शादी की।

विवाह समारोह के दौरान दोनों दूल्हा-दुल्हन भारतीय पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। दूल्हे यानिक ने पारंपरिक धोती-कुर्ता और साफा पहना, जबकि दुल्हन मानों ने लाल रंग की साड़ी और पारंपरिक आभूषण धारण किए। गंगा तट पर मंत्रोच्चार और वैदिक रीति-रिवाजों के बीच संपन्न हुआ।
विवाह के दौरान यानिक और मानों ने भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत आकर सनातन विधि से विवाह करना उनके लिए जीवन का एक विशेष और आध्यात्मिक अनुभव है।

विवाह समारोह का आयोजन कराने वाले वाराणसी निवासी मार्टिन ने बताया कि यानिक और मानों की शादी करीब पांच साल पहले कनाडा में हो चुकी थी। हालांकि दोनों की सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति के प्रति गहरी श्रद्धा थी। इसी कारण उन्होंने काशी आकर हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार दोबारा विवाह करने की इच्छा जताई। यह दोनों कनाडा में सैलून चलाते हैं।

मार्टिन ने कहा – मुझे यह सौभाग्य मिला कि मैं इनके लिए सभी विवाह संस्कार, पूजा-पाठ, मुख्य विवाह समारोह और उत्सवों का आयोजन कर सका। यह अनुभव मेरे लिए बेहद सम्मान और खुशी का क्षण रहा।

अन्य समाचार