बोले तारे

 अजय भांबी

मेष: (१४ अप्रैल-१४ मई)

यह सप्ताह आर्थिक दृष्टि से बहुत ही बेहतरीन व्यतीत होगा। पिता या पिता समान किसी व्यक्ति के मार्गदर्शन और सलाह का अनुसरण करना आपके लिए हितकारी रहेगा। आध्यात्मिक तथा ज्ञानवर्धक साहित्य पढ़ने में समय व्यतीत होगा। आत्मविश्वास बना रहेगा तथा भावनात्मक रूप से अपने आपको सशक्त महसूस करेंगे। संतान के करियर अथवा विवाह को लेकर चिंता रहेगी। परिवार के साथ कोई मनोरंजन संबंधी यात्रा का प्रोग्राम बन सकता है। कुछ समय से चल रही स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों में सुधार आएगा।

वृष: (१५ मई-१५ जून)
पिछले कुछ समय से चल रही व्यस्तता से राहत पाने के लिए किसी धार्मिक स्थल में समय व्यतीत करने से मानसिक सुकून और शांति की प्राप्ति होगी। आपकी रचनात्मक प्रतिभा और योग्यता खुलकर लोगों के सामने आएगी। परिवार संबंधी समस्या किसी की मध्यस्थता से हल हो जाएगी। इस समय लोग किसी-न-किसी स्वार्थ की भावना से ही आपसे मिलेंगे। कार्य संबंधी नीतियों में कुछ बदलाव लाने की जरूरत है। बेहतर होगा कि कर्मचारियों अथवा सहयोगियों के साथ अपनी योजनाएं शेयर न करें।

मिथुन: (१६ जून-१५ जुलाई)
सप्ताह मध्य बाद परिस्थितियां आपके लिए कुछ अप्रत्याशित लाभकारी होंगी। नई योजनाओं तथा नए उपक्रम के लिए समय अनुकूल है। अटका हुआ राजकीय कार्य बन सकता है। किसी राजनीतिक व्यक्ति से भी सकारात्मक मुलाकात होगी। घर-परिवार तथा रिश्तेदारों में आपका वर्चस्व कायम रहेगा। किसी धार्मिक आयोजन में शामिल होने का अवसर भी मिल सकता है। आय के साथ-साथ खर्चे भी बढ़ेंगे इसलिए फिजूलखर्ची पर काबू रखें।

कर्क: (१६ जुलाई-१५ अगस्त)
आपको अपनी छुपी हुई प्रतिभा और क्षमता को निखारने का मौका मिलेगा। मित्रों की मदद से कोई उलझा हुआ काम सुलझेगा। राजनीतिक तथा सामाजिक गतिविधियों में भी आपकी रुचि रहेगी। विद्यार्थी वर्ग अपने भावी लक्ष्यों पर पूरी तरह फोकस करेंगे। रुपए-पैसों के मामले में हाथ तंग रहेगा। व्यवसाय में आपको अपनी मेहनत के अनुरूप उचित परिणाम मिलेंगे। नौकरी पेशा लोगों की उच्चाधिकारियों के समक्ष अच्छी छवि रहेगी। साथ ही मन मुताबिक परिवर्तन होने की संभावना है। प्रेम-प्रसंगों को लेकर सावधान व सतर्क रहें।

सिंह: (१६ अगस्त-१५ सितंबर)
ग्रह स्थिति अनुकूल है। अगर भूमि संबंधी निवेश करने की कोई योजना चल रही है, तो आपके लिए फायदेमंद साबित होगी। विद्यार्थियों का पूरा ध्यान अपनी पढ़ाई पर रहेगा। परिवार व काम का दायित्व बढ़ेगा। अपने स्वभाव तथा विचारों को सकारात्मक बनाकर रखना जरूरी है। इस समय ऋण लेने से परहेज करें। ऑफिस में आपका प्रेजेंटेशन सराहनीय रहेगा। पति-पत्नी आपसी सामंजस्य से घर में व्यवस्थित माहौल बनाकर रखेंगे। संतोष, शांति आदि की झलक आपके निजी जीवन में साफ दिखाई देगी।

कन्या: (१६ सितंबर-१५ अक्टूबर)
रुके हुए कार्यों के संपन्न होने की उचित संभावना बन रही है। घर के रखरखाव परिवर्तन संबंधी कुछ योजनाएं बनेंगी। बुजुर्गों की सलाह व अनुभव का लाभ अवश्य उठाएं। विद्यार्थी वर्ग अपना होमवर्क समय पर पूरा कर लेंगे। कुल मिलाकर, यह सप्ताह सुखद व्यतीत होगा। अनजान लोगों से किसी भी प्रकार का संपर्क न रखें। बनते कार्य में कुछ विघ्न बाधाएं आ सकती हैं। सप्ताह मध्य बाद परिस्थितियां कुछ प्रतिकूल होंगी। लाभदायक यात्रा का भी विचार बनेगा।

तुला: (१६ अक्टूबर-१५ नवंबर)
सप्ताह की शुरुआत बहुत ही सुखद होगी। युवाओं को कोई बेहतरीन जॉब मिलने का समाचार मिल सकता है। आध्यात्मिक तथा धार्मिक गतिविधियों के प्रति रूझान बढ़ेगा। खासतौर पर कुछ विशेष कार्यों को पूरा करने में स्त्रियां व्यस्त रहेंगी। व्यर्थ की गतिविधियों और मेल-मिलाप से दूर ही रहें। निवेश संबंधी गतिविधियों में आपका रूझान बढ़ेगा, परंतु पहले किसी अनुभवी व्यक्ति के साथ विचार-विमर्श अवश्य कर लें। बच्चों के मार्गदर्शन के लिए भी कुछ समय जरूर निकालें। व्यावसायिक दृष्टि से समय अनुकूल है।

वृश्चिक: (१६ नवंबर-१५ दिसंबर)
समय सुखद व्यतीत होगा। संतान की तरफ से शुभ समाचार की प्राप्ति होगी। प्रॉपर्टी संबंधी कोई रुका हुआ कार्य पुन: शुरू हो सकता है। अपनों के साथ मिलकर किसी समस्या का समाधान मिलने से राहत महसूस करेंगे। घर का माहौल सुखद बनाए रखने के लिए बाहरी व्यक्तियों का हस्तक्षेप अपने पारिवारिक मामलों में न होने दें। युवा वर्ग अपने करियर की शुरुआत को लेकर उत्साहित रहेंगे। पारिवारिक वातावरण सुखद और शांतिपूर्ण बना रहेगा। दिल के मामले में धोखा खा सकते हैं। व्यर्थ के प्रेम संबंधों में समय नष्ट न करें।

धनु: (१६ दिसंबर-१३ जनवरी)
सकारात्मक ग्रह स्थिति बनी हुई है। कोई रुका हुआ पैसा हासिल हो जाने से आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। राजनीतिक अथवा सामाजिक क्षेत्र में आपकी सक्रियता बढ़ेगी। बच्चों के भविष्य से संबंधित कुछ योजनाएं बनेंगी तथा नए कार्य के संपन्न होने के भी योग हैं। इस समय धन के निवेश अथवा लेनदेन संबंधी गतिविधियों को स्थगित ही रखें। सामाजिक गतिविधि में आपका बहुत अधिक लापरवाह होना आपकी छवि खराब कर सकता है। व्यावसायिक क्षेत्र में नए कार्य की शुरुआत होने के योग हैं। नए कारोबारी सौदे लाभदायक रहेंगे।

मकर: (१४ जनवरी-११ फरवरी)
सप्ताह अनुकूल है। अपने कार्य को अंजाम देते चलें, निश्चित ही आपको उचित सफलता मिलेगी। प्रॉपर्टी संबंधी कोई कार्य रुका हुआ है, तो किसी की मध्यस्थता से हल हो सकता है। संतान की तरफ से शुभ समाचार की प्राप्ति सुकूनदायक रहेगी। विद्यार्थी तथा युवा वर्ग इस समय अपने कार्य व लक्ष्य को प्राथमिकता देंगे। किसी भी तरह का रिस्क लेने से परहेज करें। साथ ही किसी भी कागजी कार्यवाही को करते समय बहुत ध्यान रखने की जरूरत है। सप्ताह मध्य बाद का समय कुछ नुकसानदायक हो सकता है।

कुंभ: (१२ फरवरी-१३ मार्च)
कोई भी काम जल्दबाजी में न करके पहले उसके हर पहलू पर अच्छी तरह सोच-विचार कर लें, इससे आप बहुत ही बेहतरीन परिणाम हासिल कर पाएंगे। तमाम तरह की व्यक्तिगत गतिविधियों में व्यस्त रह सकते हैं। आपके आत्मविश्वास और कार्य क्षमता में भी निखार आएगा। अपने व्यवहार में पारदर्शिता बनाकर रखें। कर्ज अथवा किराएदार संबंधी मामलों में उलझन आ सकती है।

मीन: (१४ मार्च-१३ अप्रैल)
कुछ समय आत्म चिंतन तथा क्रिएटिविटी संबंधी गतिविधियों में जरूर व्यतीत करें। मौज-मस्ती तथा मनोरंजन में भी समय व्यतीत होगा। फिर भी आप अपने जरूरी काम को समय पर पूरा कर लेंगे। यह समय संवाद व आपसी संबंधों को मजबूत करने का है। विद्यार्थियों को अपनी मेहनत के मनोनुकूल परिणाम मिलेंगे। खर्चों की अधिकता से चिंता रहेगी। संबंधों को लेकर आपके मन में कुछ शंकाएं उठ सकती हैं। व्यवसाय में विस्तार संबंधी योजनाओं को गंभीरता से लें। बेहतर होगा कि किसी अनुभवी व्यक्ति की मदद लें।

अन्य समाचार