रामनगर बाराबंकी। भाजपा की गलत नीतियों के चलते देश व प्रदेश का हर वर्ग परेशान है। किसान, मजदूर और नौजवान सभी इसका खामियाजा भुगत रहे हैं। उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। यह बात मुख्य अतिथि हरचंदपुर रायबरेली के युवा सपा विधायक राहुल शिव गणेश लोधी ने नगर पंचायत रामनगर की डूडा कॉलोनी में कांग्रेस पिछड़ा वर्ग के जिला अध्यक्ष रामकुमार लोधी के संयोजन तथा सपा जिला सचिव शीतला बक्श सिंह के कुशल संचालन में आयोजित युवा एकता मंच कार्यकर्ता सम्मेलन में कही।
श्री लोधी ने कहा कि प्रदेश व देश की सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी ताकतवर और पूंजीपतियों की पार्टी है। इसे गांव और गरीबों के हितों से कोई लेना-देना नहीं है। इसका मकसद चुनाव में ताकत और पैसे का बेजा इस्तेमाल कर छल-कपट से सत्ता हासिल करना है। लगातार बढ़ रही महंगाई से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा है। पीड़ितों की थानों और तहसीलों में सुनवाई नहीं होती है। अपराध और अपराधियों का बोलबाला है। चारों तरफ दहशत का माहौल है। इन सब चीजों से छुटकारा पाने का केवल एक ही उपाय है कि आप सभी लोग धर्म और जाति से ऊपर उठकर आने वाले चुनाव में एकजुट होकर भाजपा को हराने का काम करें।
उन्होंने यह भी कहा कि युवा पार्टी का मेरुदंड होते हैं। उनकी ताकत से ही निरंकुश और बेलगाम सरकारों से निपटा जा सकता है। रामकुमार लोधी द्वारा युवा एकता मंच के माध्यम से युवाओं को जोड़ने की यह एक अच्छी पहल है।
भारत समाज सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भास्कर यादव ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वह हर स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ हैं। कार्यक्रम के संयोजक रामकुमार लोधी ने कहा कि समाज की भलाई के लिए हर संघर्ष में युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए युवा एकता मंच का गठन किया गया है और यह कारवां लगातार बढ़ता रहेगा।
इसके अलावा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि सौरभ पांडे, सचिन त्रिपाठी, विकलांग प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष राहुल मौर्य, दिनेश लोधी, उमेश यादव, प्रधान सिव देवी वर्मा ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए।
रामकुमार लोधी और कार्यकर्ताओं ने मुख्य अतिथि राहुल शिव गणेश लोधी को माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर सपा नेता सिव बरन यादव, गनेंसी यादव, दीपक लोधी, सभासद राकेश राठौर, अमन रावत, रीता देवी, नाजिया खान, कमला सुमन सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
