सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई और बदलापुर के बीच यात्रा करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब कांजुर मार्ग से बदलापुर तक मेट्रो सेवा शुरू होने जा रही है। ३८ किलोमीटर लंबी इस मेट्रो लाइन-१४ का निर्माण मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) करेगा। अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य एक साल के भीतर शुरू होने की संभावना है।
रिपोर्ट की मानें तो फिलहाल मुंबई से बदलापुर पहुंचने में लोकल ट्रेन या सड़क मार्ग से डेढ़ से दो घंटे लगते हैं। लेकिन मेट्रो लाइन-१४ के शुरू होने से यह सफर घटकर लगभग एक घंटे या उससे भी कम रह जाएगा। इससे हजारों दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत करीब १८,००० करोड़ रुपए बताई जा रही है। परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट मेट्रो विशेषज्ञ कंपनी मिलान मेट्रो ने तैयार की है, जिसे आईआईटी मुंबई से मंजूरी मिल चुकी है। अब यह रिपोर्ट राज्य सरकार के अंतिम अनुमोदन के लिए भेजी जाएगी।
हालांकि, परियोजना को पर्यावरणीय मंजूरी भी लेनी होगी, क्योंकि प्रस्तावित मार्ग में पारसिक हिल्स और ठाणे क्रीक फ्लेमिंगो अभयारण्य जैसे पर्यावरण-संवेदनशील क्षेत्र आते हैं। निर्माण के दौरान यह सुनिश्चित करना जरूरी होगा कि किसी भी जीव-जंतु, वनस्पति या पारिस्थितिकी तंत्र को नुकसान न पहुंचे। यह मेट्रो लाइन मुंबई मेट्रो के ३३७ किलोमीटर के विस्तार योजना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य उपनगरों और शहर के बीच तेज, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। अगर सब कुछ योजना के अनुसार चलता है, तो यह परियोजना बदलापुर और मुंबई के बीच सफर को पूरी तरह बदल सकती है।