-पुलिस और सिक्योरिटी रहती थी नदारद…
-रात के सन्नाटे में निकलता था शिकार पर
फिरोज खान / मुंबई
पुणे में सरकारी बस में २४ वर्षीय महिला का रेप करनेवाले आरोपी के बयान से सनसनी पैâल गई है। पुलिस दत्तात्रेय गाडे को गिरफ्तार कर पुणे ला रही थी, इस बीच उसने हैरान कर देनेवाला बयान दिया है। उसने पुलिस को बताया है कि रोज रात को शिवाजी नगर, स्वारगेट और शिरूर एसटी बस स्टैंड पर महिलाओं की तलाश में निकलता था। इस बात के सबूत डिपो में बंद पड़ी बसों में मिले भी हैं। बसों में महिलाओं के इनरवियर, साड़ियां, चादर, शराब की बोतलें और कंडोम मिल चुके हैं। आरोपी का बयान और बस में मिली आपत्तिजनक वस्तुओं से साफ होता है कि आरोपी ने कई महिलाओं की आबरू के साथ खिलवाड़ किया है। आरोपी को जाननेवाली एक महिला ने पुलिस को यह भी बताया है कि वह अक्सर उसे उसकी सहेलियों से परिचय करवाने के लिए दबाव बनाता था। आश्चर्य इस बात का है कि आरोपी बेखौफ होकर घिनौनी हरकतों को अंजाम देता रहा और पुलिस तथा डिपो की सिक्योरिटी सोती रही।
बता दें कि पुणे के स्वारगेट बस स्टैंड पर शिवशाही बस में मंगलवार तड़के एक युवती का रेप हुआ था। इस घटना से पुणे ही नहीं, महाराष्ट्र दहल उठा था। आरोपी को पकड़ने के लिए ५०० पुलिसकर्मियों की टीम बनाई गई थी। ड्रोन, डॉगस्कॉड की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही थी। ७० घंटे की मशक्कत के बाद शुक्रवार रात डेढ़ बजे आरोपी पुलिस के हाथ लगा। पुलिस ने आरोपी को शिरूर तहसील स्थित उसके मूल गांव से गिरफ्तार किया है। वहां से पुणे लाते वक्त आरोपी ने पुलिस को कई अहम जानकारियां दीं। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वो रोज रात को पुणे के अलग-अलग एसटी स्टैंड पर ऐसी महिलाओं की खोज में रहता था, जो शहर में नई हों या उन्हें बसों के रूट के बारे में जानकारी न हो। ऐसी महिलाओं को बहला-फुसलाकर बंद पड़ी बसों में ले जाता और रेप करता था। पुलिस को अंदेशा है कि आगे की जांच में कई चौंका देनेवाली जानकारियां सामने आ सकती हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ इससे पहले भी ६ आपराधिक मामले दर्ज हैं। एक संगीन अपराध के आरोप में वह २०१९ से जमानत पर बाहर था।
आरोपी ने की खुदकुशी करने की कोशिश
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसकी मेडिकल जांच कराई गई। जांच में उसके गले पर रस्सी के निशान पाए गए हैं। पुलिस को शक है कि पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने खुदकुशी करने की कोशिश की है। पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार के मुताबिक, आरोपी के गले पर रस्सी के निशान पाए गए हैं। पूछताछ में स्पष्ट हो पाएगा कि क्या वास्तव में उसने आत्महत्या करने की कोशिश की थी। आरोपी को न्यायालय में पेश करने पर अदालत ने उसे १४ दिन की
पुलिस रिमांड पर भेज दिया। आरोपी १२ मार्च तक पुलिस रिमांड पर रहेगा।