मुख्यपृष्ठनए समाचारवाराणसी में बेकाबू हुआ काशी नरेश का हाथी

वाराणसी में बेकाबू हुआ काशी नरेश का हाथी

-अपने ही महावत छपालू पटककर कुचला…हालत गंभीर, रामनगर रामलीला का मंचन हुआ प्रभावित

उमेश गुप्ता / वाराणसी

रामनगर के पंचवटी मैदान में रविवार सुबह रामलीला में आया हाथी अचानक बेकाबू हो गया। हाथी ने अपने महावत पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल महावत को बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। आनन-फानन में वन विभाग की टीम बुलाई गई। हाथी जहां इधर-उधर घूम रहा है, उस इलाके को सील कर दिया गया है। बेकाबू हाथी को काबू में करने के लिए गोरखपुर से स्पेशल टीम बुलाई गई।
पंचवटी मैदान की ओर जाने वाले रास्ते पर लोगों को रोका गया
घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे की है। पंचवटी मैदान में हाथी के बेकाबू होने और महावत पर हमला करने की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पंचवटी मैदान की ओर जाने वाले रास्ते पर आवागमन रोक दिया है, ताकि कोई व्यक्ति हाथी के करीब न पहुंच सके।
इस संबंध में रामनगर इंस्पेक्टर संजय मिश्रा ने बताया कि हाथी को नियंत्रित करने के लिए उसके सामने गन्ना फेंका गया। गन्ने में उलझाकर हाथी को एक स्थान पर रोकने का प्रयास किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया जा रहा है, ताकि हाथी को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित किया जा सके। रामनगर की प्रसिद्ध रामलीला में भी इसी हाथी का इस्तेमाल होता है। उधर, वन विभाग के पास नियंत्रण संबंधी सामग्री न होने पर गोरखपुर से टीम बुलाई गई।
वाराणसी के रामनगर में रामलीला का इतिहास करीब 200 साल पुराना बताया जाता है। यह रामलीला आज भी अपनी खास परंपराओं और मंचन के तरीके लिए जानी जाती है। इसे देखने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। रामनगर की रामलीला में रविवार को रावण युद्ध का मंचन होना था।
हाथी आजमगढ़ से लाया गया था। इसी पर सवार होकर काशीराज परिवार के डॉ. अनंत नारायण सिंह के बेटे रामलीला देखते हैं।
महावत ने काबू में करने की कोशिश की तो हाथी ने उसे सूंड से उठाकर पटक दिया। दांतों और पैरों से भी कुचलने की कोशिश की। महावत को 50 टांके लगे हैं। उसे बीएचयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, रामनगर के पंचवटी मैदान में रविवार सुबह 10.30 बजे की है। महावत छापलू तीन हाथियों को खाना देने जा रहा था, तभी उनमें से एक हाथी भड़क गया। वह मैदान से निकलकर सड़क पर भागने लगा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने 2 किमी. के इलाके को सील कर दिया है। आने-जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की है। ACP अनाउंस कर लोगों को इलाके से दूर रहने के लिए कह रहे हैं। वन विभाग और NDRF समेत 200 लोग हाथी को काबू करने में जुटे हुए हैं। रामनगर इलाके की बिजली काट दी गई है।
हाथी के आतंक के चलते राम रावण युद्ध के रामलीला का मंचन शुरू नहीं हो पाया।

अन्य समाचार