-आरोपी मौके पर पिस्टल छोड़कर फरार…छात्रों में भारी आक्रोश…छावनी में तब्दील हुआ यूपी कॉलेज परिसर
उमेश गुप्ता / वाराणसी
उदय प्रताप कॉलेज में क्लास रूम में घुसकर एक छात्र को गोली मारे जाने का मामला सामने आया है। गोली लगने के बाद छात्र लहू लुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहीं, आरोपी मौके पर पिस्टल छोड़कर फरार हो गया है। घटना के बाद परिसर में तनाव का माहौल हो गया, जिसको देखते हुए कई थानों की फोर्स परिसर में तैनात की गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, बीएससी तृतीय वर्ष में पढ़ने वाले सूर्य प्रताप सिंह को क्लासरूम में घुसकर गोली मारे जाने का मामला सामने आया है। गोली लगने के बाद छात्र घायल हो गया, जिसे ट्रामा सेंटर में इलाज के लिए भेजा गया। वहीं, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। इस दौरान कॉलेज में अफरा तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने कालेज परिसर को खाली करा लिया है।
आरोपी ने छात्र को गोली मारने के बाद पिस्टल वही झाड़ियों में फेंक दी और मौके से फरार हो गया। घटना से गुस्साए अन्य छात्रों ने कालेज परिसर में रखी कुर्सियां व मेज तोड़ दिए। इसके साथ ही प्राचार्य के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की फोर्स और पीएससी को बुलाया गया है और परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
घटना के बाद गुस्साए छात्र कालेज परिसर में धरने पर बैठे हुए हैं। उन्होंने लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्राचार्य के खिलाफ नारेबाजी की है। बताया जा रहा की छात्र गाजीपुर का रहने वाला था और शुक्रवार को वह हॉस्टल से सुबह वह पढ़ने के लिए क्लासरूम में पहुंचा था। इसी दौरान कला एवं सामाजिक विज्ञान विभाग में घुसे आरोपी ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई है। पुलिस को घटनास्थल से एक कारतूस भी बरामद हुआ है।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि दोनों छात्रों के बीच विवाद हुआ था और उसी दौरान आरोपी मंजीत चौहान ने सूर्यप्रताप को गोली मार दी। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी और आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। परिसर में छात्रों को समझाने का प्रयास किया गया।
