मुख्यपृष्ठस्तंभमहा-संग्राम : महायुति के पास नहीं हैं उम्मीदवार!

महा-संग्राम : महायुति के पास नहीं हैं उम्मीदवार!

रामदिनेश यादव
लो कसभा चुनाव के अंतिम चरण में मुंबई की ६ सीटों पर भी मतदान होना है। यहां उम्मीदवारों के नामांकन भरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। लेकिन महायुति को अभी भी दक्षिण मुंबई और उत्तर-पश्चिम में उम्मीदवार नहीं मिल पाए हैं। सूत्रों की मानें तो मुंबई में भाजपा के महाराष्ट्र पदाधिकारियों की उम्मीदवारों के चयन के लिए लगातार बैठकें जारी हैं। दक्षिण मुंबई में एक हिंदुत्व चेहरे को उम्मीदवार बनाने की कोशिश भाजपा कर रही है।
मुंबई और उपनगरों में आखिरी चरण में २० मई को मतदान होगा। नामांकन फॉर्म जमा करने की तारीख २६ अप्रैल से शुरू है और अंतिम तारीख ३ मई है। हालांकि, लोकसभा चुनाव के लिए महाविकास आघाड़ी की सीटों का बंटवारा हो चुका है, लेकिन मुंबई समेत राज्य की छह सीटों को लेकर महायुति में सहमति नहीं बन पाई है। इनमें मुख्य रूप से मुंबई, पालघर जैसे निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं, नासिक में एक दिन पहले पैâसला लिया गया है। लेकिन सभी का ध्यान दक्षिण मुंबई निर्वाचन क्षेत्र पर है। पूरे महाराष्ट्र की नजर इस सीट पर टिकी हुई है। फिलहाल, इस सीट के लिए महायुति से शिंदे गुट के मिलिंद देवड़ा और यामिनी जाधव और भाजपा से विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और मंगलप्रभात लोढ़ा के नाम पर चर्चा चल रही है, लेकिन कोई सहमति नहीं बन पाई है। भाजपा के महाराष्ट्र प्रभारी दिनेश शर्मा दो दिन पहले मुंबई आए थे। उन्होंने दक्षिण मुंबई लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के इच्छुक उम्मीदवार राहुल नार्वेकर और मंगलप्रभात लोढ़ा के साथ उम्मीदवारी के बारे में विस्तृत चर्चा की।
माना जा रहा है कि भाजपा ने इसके लिए सर्वेक्षण भी कराया है लेकिन फिर भी शिवसेना के उम्मीदवार अरविंद सावंत के सामने भाजपा को एक भी उमीदवार नहीं मिल रहा है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि कुछ दिन पहले भाजपा की ओर से कराए गए चुनाव पूर्व सर्वे में भी स्पष्ट हुआ कि कोई मजबूत चेहरा ही लाना होगा, पर सवाल है कि भाजपा ऐसा मजबूत चेहरा कहां से लाएगी। दूसरी ओर उत्तर-मध्य मुंबई से मौजूदा सांसद पूनम महाजन का टिकट काट दिया गया है, उनकी जगह वरिष्ठ वकील उज्ज्वल निकम को चुनाव मैदान में उतारा गया है। इस निर्वाचन क्षेत्र के साथ-साथ उत्तर-पश्चिम मुंबई में भी महायुति के उम्मीदवार की तलाश अभी भी चल रही है।

अन्य समाचार