मुख्यपृष्ठनए समाचारकुछ मिनटों में कीर्ति कुल्हारी के खाते से २.४४ लाख रुपए साफ

कुछ मिनटों में कीर्ति कुल्हारी के खाते से २.४४ लाख रुपए साफ

-चार विदेशी ट्रांजेक्शन के जरिए साइबर ठगी;

-अभिनेत्री ने मुंबई पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

-साइबर ठगों का नया जाल, मोबाइल से चोरी हुई जानकारी?
कीर्ति कुल्हारी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कार्ड की जानकारी किसी से साझा नहीं की थी। आशंका है कि मैलवेयर या स्पाइवेयर के जरिए डेटा चोरी हुआ हो सकता है। साइबर सेल डिजिटल फुटप्रिंट और बैंक रिकॉर्ड के आधार पर जांच कर रही है।

सामना संवाददाता / मुंबई
अभिनेत्री और निर्माता कीर्ति कुल्हारी साइबर ठगी का शिकार हो गई हैं। अज्ञात आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन और क्रेडिट कार्ड की जानकारी तक कथित रूप से अनधिकृत पहुंच बनाकर कुछ ही मिनटों में २,४३,८५२ रुपए के चार लेन-देन कर लिए। अभिनेत्री की शिकायत पर मुंबई के अंबोली पुलिस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस शिकायत के अनुसार, कीर्ति अंधेरी-पश्चिम स्थित फन रिपब्लिक मॉल के पास सिनेपोलिस थिएटर में थीं, तभी उन्हें अपने क्रेडिट कार्ड से एयरोमेक्सिको एयरलाइंस के नाम पर २,५२५ अमेरिकी डॉलर का भुगतान होने का अलर्ट मिला। संदिग्ध विदेशी लेन-देन देखते ही उन्होंने बैंक की हेल्पलाइन से संपर्क किया। जांच में पता चला कि उनके कार्ड से कुल चार बड़े अनधिकृत ट्रांजेक्शन हुए थे, जिसके बाद बैंक ने कार्ड ब्लॉक कर दिया।
कीर्ति ने पुलिस को बताया कि उन्होंने क्रेडिट कार्ड का पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं किया था। प्रारंभिक आशंका है कि उनके मोबाइल फोन या कार्ड की जानकारी मैलवेयर अथवा स्पाइवेयर के जरिए हासिल की गई हो सकती है। हालांकि, ठगी का वास्तविक तरीका तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। मामले की जांच साइबर सेल कर रही है। अधिकारी बैंक रेफरेंस नंबर, डिजिटल फुटप्रिंट, डिवाइस लॉग और रकम भेजे जाने वाले खातों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।
यह घटना बताती है कि केवल ओटीपी या पासवर्ड साझा न करना ही पर्याप्त नहीं है। संदिग्ध लिंक, अनजान ऐप, सार्वजनिक वाई-फाई और मोबाइल में छिपे मैलवेयर के जरिए भी वित्तीय जानकारी चोरी की जा सकती है। किसी अनजान लेन-देन का अलर्ट मिलते ही कार्ड ब्लॉक कराना, बैंक और साइबर हेल्पलाइन को सूचना देना तथा पुलिस शिकायत दर्ज कराना जरूरी है।

अन्य समाचार