मुख्यपृष्ठनए समाचारखजाना तंग, नेताओं के लिए डेढ़ करोड़ की इनोवा!

खजाना तंग, नेताओं के लिए डेढ़ करोड़ की इनोवा!

-बीएमसी की ६ लग्जरी गाड़ियां खरीदने की

-योजना पर स्थायी समिति में हंगामा

सामना संवाददाता / मुंबई
आर्थिक अनुशासन के दावों के बीच बृहन्मुंबई महानगरपालिका की ओर से राजनीतिक पदाधिकारियों के लिए करीब १.५ करोड़ रुपये की छह नई टोयोटा इनोवा क्रिस्टा खरीदने की योजना पर विवाद खड़ा हो गया है। गुरुवार को स्थायी समिति की बैठक में इस प्रस्ताव को लेकर तीखी नोकझोंक हुई।
बीएमसी प्रशासन ने उप महापौर, सदन के नेता, विपक्ष के नेता तथा स्थायी, सुधार और शिक्षा समितियों के अध्यक्षों के लिए मौजूदा महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन गाड़ियों की जगह नई इनोवा क्रिस्टा देने का प्रस्ताव रखा है। प्रशासन का तर्क है कि शहर में लंबी दूरी की यात्राओं और स्थल निरीक्षणों के लिए अधिक आरामदायक वाहनों की जरूरत है।
कांग्रेस पार्षद और बीएमसी में पार्टी नेता अशरफ आजमी ने योजना का विरोध करते हुए कहा कि वित्तीय दबाव से जूझ रही महानगरपालिका को महंगी गाड़ियों पर खर्च करने के बजाय नागरिक सुविधाओं और वित्तीय अनुशासन पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सड़क, सफाई, स्वास्थ्य और दूसरी बुनियादी सेवाओं पर लगातार शिकायतें हैं, तब जनप्रतिनिधियों की गाड़ियों को अपग्रेड करना कितनी बड़ी प्राथमिकता है।
यह विवाद इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे पहले महापौर रितु तावडे और अतिरिक्त नगर आयुक्तों को इनोवा हाइक्रॉस हाइब्रिड वाहन आवंटित किए जा चुके हैं। अब छह और नई गाड़ियों की योजना ने सवाल खड़ा किया है कि बीएमसी में सुविधाओं का विस्तार पहले पदाधिकारियों के लिए होगा या कर चुकाने वाले मुंबईकरों के लिए।
मुख्य सवाल
क्या मौजूदा वाहन काम करने योग्य नहीं हैं?
छह गाड़ियों पर लगभग डेढ़ करोड़ रुपये खर्च करने की तत्काल जरूरत क्या है?
यदि सभी दल सहमत थे तो कांग्रेस अब विरोध क्यों कर रही है?
और यदि बीएमसी आर्थिक दबाव में है, तो क्या यह खर्च टाला नहीं जा सकता?

अन्य समाचार