-लोगों ने कहा, ‘निर्माण में हुआ भारी भ्रष्टाचार’
-५ साल पहले पीएम मोदी ने किया था उद्घाटन
-सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
दुनिया की सबसे ऊंचाई पर बनी अटल टनल के उद्घाटन को अभी करीब पांच साल ही हुए हैं। इसे लेकर अब बड़ी चिंताजनक खबर आ रही है। अब इसके अंदर से पानी का रिसाव होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आधुनिक तकनीक से ३,२०० करोड़ रुपए में तैयार ये सुरंग लाहौल-स्पीति और कुल्लू-मनाली के बीच जीवन रेखा मानी जाती है। लोगों का मानना है कि इस टनल के निर्माण में भारी भ्रष्टाचार हुआ है, जिसका ये नतीजा है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सुरंग की दीवारों से पानी रिसता हुआ दिख रहा है। यह सुरंग ९.०२ किलोमीटर लंबी है और इसका उद्घाटन अक्टूबर २०२० में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। तब इस टनल को इंजीनियरिंग का अद्भुत नमूना माना गया था। यह टनल बर्फबारी और खराब मौसम में भी पूरे साल लाहौल घाटी को देश से जोड़े रखती है।
पब्लिक सेफ्टी का मामला
हिमाचल प्रदेश के रोहतांग दर्रे में बनी यह सुरंग अब सुरक्षा जोखिमों का सामना कर रही है और इस टनल की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। कई लोगों ने इस मामले की तुरंत जांच की मांग की है। आलोचकों का तर्क है कि यह मामला सिर्फ मरम्मत का नहीं, बल्कि पब्लिक सेफ्टी का है।
