-अखिलेश यादव ने अलीगढ़ की घटना को लेकर योगी सरकार को घेरा
अलीगढ़ में सोमवार को सांड़ के हमले से दो लोगों की मौत पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को घेरा है। अखिलेश ने ट्वीट पर लिखा कि अब सांड़-राज खत्म होना चाहिए। उन्होंने ट्वीट कर लिखा,`अब ‘सांड़-राज’ का अंत होना चाहिए। बहुत हुआ…!’ बता दें कि सोमवार को शहर में एक सांड ने जमकर आतंक मचाया। उसके रास्ते जो आया, उसको सींगों से हवा में उछालकर पटकता गया। लोगों ने इधर-उधर भागकर जान बचाई। सांड़ ने सबसे पहले सुबह करीब नौ बजे पला फाटक पर भिक्षा मांग रहे साधु भूला बासोर पर हमला किया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। उसके बाद कचौड़ी ले रहे दुर्गपाल पर पीछे से हमला कर १० फीट से अधिक ऊंचा हवा में उछाला, उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद सांड़ दीवारों में सिर मारता एक स्वीमिंग पूल में गिर गया। इसके बाद वह नहीं उठ पाया। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
