राजेश सरकार / प्रयागराज
संगम नगरी के पड़ोसी जिले कौशांबी में एलपीजी टैंकर अग्निकांड में इंसानों के साथ ही बेजुबानों की त्रासदी ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। गैस टैंकर में भीषण आग लगने से उठती भयावह लपटों की चपेट में आने से सैकड़ों बेजुबान पंक्षियों की भी दर्दनाक मौत हो गई। कोखराज थाना के सिहोरी टोल प्लाजा के पास हुए हादसे में इंसानी मौत के साथ ही सैकड़ों पक्षियों ने जान गंवाई ।
मानवता की मिसाल
स्थानीय पुलिस टीम प्रभारी धर्मेंद्र राजपूत और सिपाही जयवीर सिंह ने मृत पंक्षियों को दफनाने के साथ-साथ, आग से झुलसकर तड़प रहे कुछ जीवित पक्षियों को अपने हाथों से पानी पिलाकर उनकी जान बचाने का भी प्रयास किया। आग की भयानक लपटों में झुलस कर मृत पक्षियों को एसओ धर्मेंद्र राजपूत व सिपाही जयवीर सिंह ने हाइवे के निकट जंगल में दफनाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हवा की तीव्रता से आग इतनी तेजी से फैलती गई कि आस-पास मौजूद लोग और पेड़ों पर बसे पंक्षी तक संभल नहीं सके। दर्जनों पंक्षी झुलसकर मौके पर ही दम तोड़ बैठे, जबकि कुछ घायल अवस्था में तड़पते रहे। इंसानों के साथ बेजुबानों की इस त्रासदी ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था।
कौशाम्बी के कोखराज (सिहोरी) टोल प्लाजा पर हुए इस भीषण अग्निकांड में आधिकारिक तौर पर 5 से 7 टोल कर्मचारियों के गंभीर रूप से झुलसने की जानकारी मिली है।
प्रयागराज रेफर: आग की तीव्रता अधिक होने के कारण बुरी तरह झुलसे कर्मचारियों (4 से 5 मुख्य टोल कर्मी) को प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल प्रयागराज (एसआरएन अस्पताल) के लिए रेफर किया गया है।
हालत नाजुक
अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, झुलसे हुए कर्मचारियों में से 2 से 3 लोगों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और वे फिलहाल लाइफ सपोर्ट/आईसीयू में निगरानी पर हैं। शेष 2 लोगों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। आधिकारिक पुष्टि के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच एक बेकाबू एलपीजी गैस टैंकर के टोल डिवाइडर से टकराने के कारण हुआ। टक्कर के बाद गैस रिसाव हुआ और टैंकर देखते ही देखते आग का बड़ा गोला बन गया।
चालक की मौत
इस दर्दनाक हादसे में टैंकर के मुख्य चालक (ड्राइवर) की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई है। उसका शव पूरी तरह खाक हो गया, पुलिस को केवल कंकाल के अवशेष मिले हैं।
भारी संपत्ति का नुकसान
आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि टोल प्लाजा का प्रशासनिक भवन, कंप्यूटर मशीनें और यार्ड में खड़ी करीब 16 मोटरसाइकिलें और 2 कारें जलकर पूरी तरह राख हो गई हैं।
