मुख्यपृष्ठनए समाचारअयोध्या, हनुमानगढ़ी की उज्जैनिया पट्टी के महंत संत राम दास का निधन

अयोध्या, हनुमानगढ़ी की उज्जैनिया पट्टी के महंत संत राम दास का निधन

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

अयोध्या जी हनुमानगढ़ी की उज्जैनिया पट्टी के महंत संतराम दास जी महाराज का सोमवार सुबह 85 वर्ष की आयु में साकेतवास (देहावसान) हो गया। उन्होंने हनुमानगढ़ी स्थित अपने आश्रम में सुबह लगभग 11 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही संत समाज और श्रद्धालुओं में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि महंत संतराम दास पिछले करीब आठ माह से गंभीर रूप से अस्वस्थ थे। वे उच्च रक्तचाप, मधुमेह सहित कई बीमारियों से पीड़ित थे और उनका लगातार उपचार चल रहा था। इलाज के दौरान उन्हें तीन बार मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद वे तीन दिन पहले ही अयोध्या लौटे थे। महंत संतराम दास लंबे समय से हनुमानगढ़ी के प्रमुख संतों में गिने जाते थे। उनके आश्रम में समय-समय पर अनेक संत, श्रद्धालु और जनप्रतिनिधि दर्शन के लिए पहुंचते रहे।
विदित हो कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अयोध्या प्रवास के दौरान हनुमानगढ़ी दर्शन के बाद उनके आश्रम में आकर उनसे आशीर्वाद लेते रहे हैं।
महंत संतराम दास के निधन से अयोध्या के धार्मिक और संत समाज ने गहरा शोक व्यक्त किया है। श्रद्धालुओं ने इसे संत परंपरा की अपूरणीय क्षति बताया है। गोलोक वासी संतराम दास जी हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास जी के गुरु थे।
सामूहिक शोक व्यक्त करते हुये शिष्यों व श्रद्धालुओं ने श्री श्री 1008 श्री महंत संतराम दास जी महाराज (पंचांग पट्टी उज्जैनिया, हनुमानगढ़ी, अयोध्या) के श्रीचरणों में कोटि-कोटि नमन एवं भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित किया। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना किया कि प्रभु पूज्यवर को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा उन्हें सद्गति एवं शाश्वत शांति प्रदान करें।

अन्य समाचार