टोक्यो। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने जापान ओपन सुपर ७५० बैडमिंटन टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया की पांचवें नंबर की खिलाड़ी चीन की हान यू को सीधे गेम में हराकर क्वार्टर फाइनल का टिकट कटाया। विश्व नंबर-१० सिंधु ने महज ३५ मिनट में २१-१६, २१-१४ से मुकाबला अपने नाम कर लिया। पहले गेम में धीमी शुरुआत के बाद सिंधु ने जबरदस्त वापसी की, जबकि दूसरे गेम में ८-० की बढ़त बनाकर चीनी खिलाड़ी को संभलने का मौका ही नहीं दिया। इस जीत के साथ हान यू के खिलाफ सिंधु का रिकॉर्ड ८-१ हो गया। अब उनका अगला मुकाबला जापान की नोजोमी ओकुहारा से होगा। तनीशा क्रास्टो और ध्रुव कपिला की हार के बाद सिंधु टूर्नामेंट में भारत की आखिरी उम्मीद बन गई हैं।
