-दिनांक १९ जुलाई
-समय शाम ४ बजे
सामना संवाददाता / मुंबई
केंद्र की तानाशाह मोदी सरकार के खिलाफ संघर्ष कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में शिवसेना मैदान में उतरेगी। युवाओं की न्यायसंगत मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए शिवसेना ने भाजपा सरकार से जवाब मांगने के लिए आंदोलन का आह्वान किया है। यह विशाल आंदोलन १९ जुलाई को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क (शिवतीर्थ) में आयोजित होगा। इस आंदोलन में शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे शामिल होंगे, जिसके चलते पूरे देश की नजरें इस आंदोलन पर टिकी हुई हैं।
नीट, सीबीएसई सहित कई केंद्रीय परीक्षाओं में पेपर लीक और उससे जुड़े घटनाक्रमों में छात्रों की आत्महत्या के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को जिम्मेदार मानते हुए उनके इस्तीफे की मांग सोनम वांगचुक और सीजेपी ने की है। इसी मांग को लेकर वांगचुक पिछले १८ दिनों से अनशन पर बैठे हैं। उनके आंदोलन को देशभर के युवाओं का व्यापक समर्थन मिल रहा है। तानाशाह केंद्र सरकार ने अब तक उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। सोशल मीडिया पर भी सरकार के प्रति लोगों का आक्रोश देखने को मिल रहा है। यही जनाक्रोश रविवार शाम मुंबई की सड़कों पर दिखाई देने की संभावना है।
हम आपके आभारी हैं – अभिजीत दीपके
सोनम वांगचुक के समर्थन में मुंबई में आंदोलन आयोजित करने के लिए सीजेपी के अभिजीत दीपके ने शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे और शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने ‘सोशल मीडिया’ पर लिखा कि न्याय और जवाबदेही की इस लड़ाई में आपने जो समर्थन दिया है, उसके लिए हम सदैव आपके आभारी रहेंगे। जय हिंद! जय महाराष्ट्र!
यह संघर्ष सभी का है
शिवसेना ने ‘सोशल मीडिया’ पर पोस्ट जारी कर देशवासियों से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। पार्टी ने कहा है कि यह किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे देश के युवाओं का संघर्ष है। आइए, सभी मिलकर युवाओं की आवाज बनें और न्याय की इस लड़ाई में सहभागी बनें।
