सामना संवाददाता / मुंबई
अभिनेता और फिल्म निर्माता सोहेल खान ने अपने बचपन से जुड़ा ऐसा दर्दनाक राज खोला है, जिसे सुनकर उनके प्रशंसक भी हैरान रह गए। रियलिटी शो ‘अलायंस’ में सोहेल ने दावा किया कि बचपन में उनके साथ यौन उत्पीड़न हुआ था। वह कई वर्षों तक इस घटना के बारे में किसी को बताने की हिम्मत नहीं जुटा पाए और पूरे दर्द को मन में दबाए रहे।
सोहेल ने यह खुलासा रैगिंग और बुलिंग पर बातचीत के दौरान किया। उन्होंने बताया कि बचपन की इस घटना ने उनके व्यक्तित्व और बच्चों के पालन-पोषण के तरीके पर गहरा असर डाला। पिता बनने के बाद उन्हें अपने बेटों निर्वाण और योहान की सुरक्षा को लेकर डर सताने लगा। यही कारण है कि वह बच्चों के साथ किसी भी तरह की बदसलूकी, डराने-धमकाने और रैगिंग के सख्त खिलाफ हैं।
सोहेल के मुताबिक, लंबे समय बाद उन्होंने अपने पिता और मशहूर पटकथा लेखक सलीम खान को इस घटना की जानकारी दी। पिता ने उनकी बात शांतिपूर्वक सुनी और उन्हें भावनात्मक सहारा दिया। हालांकि सोहेल ने घटना से जुड़े व्यक्ति, स्थान या अन्य पहचान उजागर नहीं की।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क
सोहेल का कहना था कि बच्चों को ऐसा सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए, जिसमें वे किसी गलत स्पर्श, धमकी या दुर्व्यवहार की जानकारी बिना डर और शर्म के माता-पिता को दे सके। उनका खुलासा इस गंभीर समस्या पर परिवारों को खुलकर संवाद करने और बच्चों की बात ध्यान से सुनने का संदेश देता है।
